Sunday , March 15 2026

निःशुल्क हृदय रोग निदान शिविर में उमड़ी भीड़

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश व श्री सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल अहमदाबाद व राजकोट के सहयोग से रविवार को चांसलर क्लब, आशियाना में द्वितीय हृदय रोग निदान शिविर आयोजित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मनोज भीमानी (निदेशक, श्री सत्य साई हार्ट अस्पताल, गुजरात), डॉ. विजय अग्रवाल (बाल शल्य चिकित्सक) सचिन नेब (प्रदेश अध्यक्ष, श्री सत्य साई सेवा संगठन), धनंजय शर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष, श्री सत्य साई सेवा संगठन) उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के पश्चात लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज व प्रदेश के अन्य जिलों से आए साई भक्तों द्वारा मंत्रोच्चारण किया गया। इसके साथ ही गुजरात के प्रतिष्ठित आठ चिकित्सकों की टीम ‌द्वारा हृदय रोग शिविर का संचालन प्रारंभ किया गया।

इस शिविर में 400 से अधिक रोगियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, साथ ही लगभग 1000 ऐसे रोगी भी शिविर में उपस्थित हुए जो ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा सके थे।

इस अवसर पर मौजूद न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान (उच्च न्यायालय, लखनऊ) ने अपने उ‌द्बोधन में भगवान श्री सत्य साई बाबा की शिक्षाओं एवं मानवता के कल्याण हेतु प्रारंभ की गई उनकी विभिन्न सेवाओं और परोपकारी परियोजनाओं का उल्लेख किया।

डॉ. मनोज भीमानी ने उपस्थित जनों व रोगियों को अस्पताल ‌द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क व्यवस्थाएँ व सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सचिन नेब ने शिविर के आयोजन में साई भक्तो द्वारा किये गए प्रयास की प्रशंसा की और उनको प्रोत्साहित किया।

65 वर्ष तक की आयु के ऐसे रोगियों (जो CABG, PDA, MVR. ASD आदि हृदय रोगों से पीड़ित थे) का गहन परीक्षण 24 ECHO ‌द्वारा किया गया और उन्हें उचित परामर्श दिया गया। इनमें से 180 रोगियों को श्री सत्य साई अस्पताल, अहमदाबाद एवं राजकोट में ऑपरेशन हेतु तिथियाँ प्रदान की गई। यह समस्त शल्य चिकित्सा भी पूर्णतः निःशुल्क संपन्न की जाएगी।

शिविर के दौरान भगवान श्री सत्य साई बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव वर्ष के अंतर्गत निरंतर 100 भजनों का आयोजन भी किया गया। जिसमें कानपुर, बरेली, गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ व प्रदेश के अन्य जिलों की भजन मंडलियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी।

श्री सत्य साई सेवा संगठन, लखनऊ के जिला अध्यक्ष  अजय कपूर के ‌द्वारा कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्य अतिथि गण, राजकोट व अहमदाबाद से आये हार्ट हॉस्पिटल के सभी चिकित्सक, श्री सत्य साई सेवा संगठन के सभी सदस्यों एवं उपस्थित मरीज व आये हुए उनके परिवार जन को धन्यवाद ज्ञापित किया। भगवान की मंगल आरती के साथ शिविर सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।