Sunday , March 15 2026

जेके बोस इंटर-जोनल टी20 ट्रॉफी : ऋषभ सिंह के शतक से नॉर्थ जोन की बड़ी जीत, साउथ जोन ने ईस्ट जोन को हराया

नई दिल्ली : जेके बोस इंटर-जोनल टी20 क्रिकेट ट्रॉफी में ऋषभ सिंह के शानदार शतक की बदौलत नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को नौ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला नई दिल्ली के रोशनआरा क्रिकेट क्लब में खेला गया, जो स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के स्वर्ण जयंती राष्ट्रीय सम्मेलन के तहत आयोजित किया जा रहा है।ऋषभ सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और दो छक्के शामिल रहे। कप्तान आकाश रावल ने 29 रन का योगदान दिया। नॉर्थ जोन ने 134 रन के लक्ष्य को केवल 11.1 ओवर में हासिल कर लिया।इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट जोन की टीम 19.2 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। संजू सम्याल ने 30 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि तौस रिजवी (24) और अश्विन फेरो (23) ने उपयोगी पारियां खेलीं। नॉर्थ जोन के लिए विनय ने तीन विकेट लेकर गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई।दिन के दूसरे मुकाबले में साउथ जोन ने ईस्ट जोन को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। साउथ जोन की जीत में शिवा कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लेकर ईस्ट जोन को महज 49 रन पर समेट दिया। इसके बाद विजेथ कुमार ने 15 गेंदों पर तेज 26 रन बनाकर टीम को पांच ओवर के भीतर लक्ष्य तक पहुंचा दिया।रविवार को नॉर्थ जोन का सामना साउथ जोन से होगा, जबकि दिन के दूसरे मैच में ईस्ट जोन की भिड़ंत वेस्ट जोन से दिल्ली पुलिस ग्राउंड में होगी।टेबल टेनिस में डीएसजेए-1 और एसजेएएम-1 फाइनल मेंइधर, शनिवार को रोशनआरा क्लब में टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के मुकाबले भी खेले गए, जिसमें देशभर के खेल पत्रकार संघों की टीमों ने भाग लिया।दिन के पहले मैच में दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (डीएसजेए-1) ने स्पोर्ट्स राइटर्स एसोसिएशन ऑफ बेंगलुरु (एसडब्ल्यूएबी-1) को हराया। दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई (एसजेएएम-1) ने तमिलनाडु स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (टीएनएसजेए-1) को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।अब सोमवार को फाइनल में डीएसजेए-1 की टीम, जिसमें कुशन सरकार, भारत शर्मा और नॉरिस प्रीतम शामिल हैं, का सामना एसजेएएम-1 की टीम अमोल कर्हाडकर, अश्विन फेरो और अकुश धावरे से होगा।क्रिकेट और टेबल टेनिस के अलावा दिन के दौरान मॉडर्न पायथियन गेम्स का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आए कई वरिष्ठ खेल पत्रकारों ने भाग लिया।दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (डीएसजेए) की मेजबानी में आयोजित चार दिवसीय यह सम्मेलन दो दशक से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी में हो रहा है। इस वर्ष यह सम्मेलन स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से खेल पत्रकार हिस्सा ले रहे हैं।