उप्साला (स्वीडन) : स्वीडन के स्टार पोल वॉल्टर आर्मंड डुप्लांटिस ने गुरुवार को एक बार फिर इतिहास रचते हुए पोल वॉल्ट का विश्व रिकॉर्ड 15वीं बार तोड़ दिया। उन्होंने उप्साला में आयोजित प्रतियोगिता में 6.31 मीटर की शानदार छलांग लगाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।26 वर्षीय डुप्लांटिस ने यह ऊंचाई अपने पहले ही प्रयास में पार कर ली। इससे पहले उन्होंने 5.65 मीटर, 5.90 मीटर और 6.08 मीटर की ऊंचाई भी पहले प्रयास में ही पार की। इसके बाद उन्होंने बार को सीधे 23 सेंटीमीटर बढ़ाकर विश्व रिकॉर्ड ऊंचाई 6.31 मीटर कर दिया और पहली ही कोशिश में इसे पार कर लिया।डुप्लांटिस 2020 में 6.17 मीटर की छलांग लगाने के बाद से ही इस रिकॉर्ड के मालिक बने हुए हैं और लगातार इसे बेहतर करते आ रहे हैं। यह दूसरी बार है जब उन्होंने स्वीडन की धरती पर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले उन्होंने जून 2025 में स्टॉकहोम में 6.28 मीटर की छलांग लगाई थी।रिकॉर्ड बनाने के बाद डुप्लांटिस ने दर्शकों से कहा कि अपने देश में यह उपलब्धि हासिल करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि वह अपने लिए, अपने परिवार के लिए और स्वीडन के लोगों के लिए कूदते हैं।प्रतियोगिता में नॉर्वे के सोंद्रे गुट्टोरम्सेन 6.00 मीटर की छलांग के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं ग्रीस के इमैनुएल करालिस 6.00 मीटर की ऊंचाई पार करने में तीनों प्रयासों में असफल रहे।अब डुप्लांटिस के पास मार्च के अंत में पोलैंड के तोरुन में होने वाली वर्ल्ड इनडोर चैंपियनशिप में अपने इस नए विश्व रिकॉर्ड को और बेहतर करने का मौका होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal