Wednesday , March 11 2026

इंडियन वेल्स में आर्यना सबालेंका ने नाओमी ओसाका को हराया, क्वार्टरफाइनल में प्रवेश

इंडियन वेल्स : विश्व की नंबर एक बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने ग्रैंड स्लैम विजेताओं की टक्कर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को जापान की नाओमी ओसाका को 6-2, 6-4 से हराकर इंडियन वेल्स ओपन के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। अब सबालेंका क्वार्टरफाइनल में अमांडा अनिसिमोवा और विक्टोरिया मबोको के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी।सबालेंका ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाते हुए 31 विनर और आठ ऐस लगाए। उन्होंने पहले सेट में दो बार ओसाका की सर्विस तोड़ते हुए आसानी से सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में ओसाका ने लय पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सबालेंका की मजबूत सर्विस को भेदने में वह नाकाम रहीं। सबालेंका ने दूसरे सेट में मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट बचाए और 4-3 की बढ़त बनाने के लिए शानदार फोरहैंड विनर लगाए।दोनों खिलाड़ियों के बीच यह सिर्फ दूसरा मुकाबला था। इससे पहले 2018 में खेले गए मैच में ओसाका ने जीत हासिल की थी और उसी वर्ष उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। सबालेंका ने मैच के बाद कहा कि उन्होंने कोर्ट पर विविधता लाते हुए लगातार दबाव बनाए रखा, जिससे अहम मौकों पर ओसाका भ्रमित नजर आईं।तालिया गिब्सन का शानदार प्रदर्शनइस बीच ऑस्ट्रेलिया की क्वालीफायर तालिया गिब्सन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त जैस्मिन पाओलिनी को 7-5, 2-6, 6-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। 21 वर्षीय गिब्सन ने मैच में कुल 42 विनर लगाए और अपने करियर में पहली बार किसी शीर्ष-10 खिलाड़ी को हराया। पहले सेट में उन्होंने आखिरी क्षणों में ब्रेक हासिल कर बढ़त बनाई। दूसरे सेट में पाओलिनी ने 3-0 की बढ़त के साथ वापसी की, लेकिन निर्णायक सेट में गिब्सन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।विश्व रैंकिंग में 112वें स्थान पर काबिज गिब्सन ने मैच के बाद कहा कि वह इस जीत से बेहद भावुक हैं और खुद भी अपने प्रदर्शन से हैरान हैं। उन्होंने कहा कि उनका आक्रामक खेल उन्हें लगातार मौके बनाने में मदद करता है और इंडियन वेल्स में वह उसी रणनीति के साथ आगे बढ़ रही हैं। अब क्वार्टरफाइनल में गिब्सन का सामना लिंडा नोस्कोवा और अलेक्जेंड्रा ईला के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।—————