हैदराबाद : एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपने अंतिम पूल-बी मुकाबले में 11 मार्च को वेल्स से भिड़ेगी। हैदराबाद में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि जीत या ड्रॉ के साथ टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकती है।मौजूदा समय में भारतीय टीम चार अंकों और बेहतर गोल अंतर के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। यदि भारत वेल्स के खिलाफ जीत हासिल करता है या मुकाबला ड्रॉ रहता है, तो टीम सीधे अंतिम चार में पहुंच जाएगी। हालांकि अगर भारत को हार मिलती है तो उसके चार ही अंक रहेंगे और फिर उसका भविष्य स्कॉटलैंड और उरुग्वे के बीच होने वाले मैच के परिणाम तथा गोल अंतर पर निर्भर करेगा।टूर्नामेंट में अब तक भारतीय टीम का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। टीम ने 8 मार्च को खेले गए अपने पहले मुकाबले में उरुग्वे को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद दूसरे मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेलते हुए 2-2 से ड्रॉ हासिल किया।भारतीय टीम की युवा फॉरवर्ड सुनेलिता टोप्पो शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने दोनों मैचों में गोल किए हैं। वहीं आक्रमण पंक्ति में लालरेमसियामी, नवनीत कौर और रुतुजा दादासो पिसाल ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए कई मौके बनाए और गोल करने में अहम भूमिका निभाई है।रक्षा पंक्ति में भी भारतीय टीम मजबूत नजर आई है। गोलकीपर बिचू देवी ने अब तक कई अहम बचाव करते हुए टीम को मजबूती प्रदान की है। इसके अलावा हैदराबाद में घरेलू दर्शकों के उत्साहवर्धन से भी टीम को अतिरिक्त ऊर्जा मिल रही है।टीम के अब तक के प्रदर्शन पर कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि शुरुआती दो मुकाबलों के बाद टीम में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने मिले अवसर का अच्छा उपयोग किया है और टीम खुलकर खेल का आनंद ले रही है, जो टीम के लिए काफी अच्छा संकेत है।सलीमा टेटे ने यह भी कहा कि टीम का लक्ष्य विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना और चैंपियन बनना है। उन्होंने कहा कि जब भी टीम एक साथ होती है तो यही लक्ष्य हमारी बातचीत का हिस्सा होता है।भारत और वेल्स के बीच अब तक हुए मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए छह मुकाबलों में भारत ने पांच में जीत दर्ज की है, जबकि वेल्स को एक बार सफलता मिली है। हालांकि मौजूदा टूर्नामेंट में वेल्स अपनी पहली जीत की तलाश में होगा, ऐसे में भारत को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए पूरी एकाग्रता के साथ मैदान में उतरना होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal