Monday , March 9 2026

महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण सलाह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेदांता हॉस्पिटल में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित जांच कराने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें ब्लड प्रेशर (BP), शुगर और बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) की जांच शामिल रही। साथ ही, विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्तन कैंसर सहित महिलाओं से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर, डॉ. राकेश कपूर ने कहा, “आज के समय में महिलाओं का अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। नियमित हेल्थ चेकअप और समय पर जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का पता शुरुआती चरण में ही लगाया जा सकता है, जिससे उनका इलाज आसान और प्रभावी हो जाता है।”

डॉ. रुचिता शर्मा (एसोसिएट डायरेक्टर, इंटरनल मेडिसिन) ने वार्षिक स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को शरीर में दिखाई देने वाले किसी भी शुरुआती संकेत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय रहते डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

डॉ. रोमा प्रधान (एसोसिएट डायरेक्टर, कैंसर केयर, एंडोक्राइन एवं ब्रेस्ट सर्जरी) ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने सरल तरीके से बताया कि महिलाएं घर पर ही सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन कैसे कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह एक मिनट की आसान जांच किसी भी असामान्य बदलाव को समय रहते पहचानने में मदद कर सकती है। उन्होंने महिलाओं से नियमित रूप से स्वयं जांच करने और किसी भी तरह की गांठ, सूजन या बदलाव महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की अपील की।

डॉ. रेशम श्रीवास्तव (एसोसिएट डायरेक्टर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, ने कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार शुरू करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉ. मोनिका नारायण, कंसल्टेंट, गायनेकोलॉजी, गायनेऑन्कोलॉजी एवं ऑब्स्टेट्रिक्स) ने महिलाओं में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान डाइटिशियन द्वारा संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी उपयोगी सुझाव दिए गए।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इनमें लेखिका विपुल वर्ष्णेय, एसिड अटैक सर्वाइवर रूपाली विश्वकर्मा, ऑल आरडब्ल्यूए की अध्यक्ष मीना सिंह, बेगम शेहनाज सिदरत, मेड-कैब केयर प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक स्नेहा चौहान, समाजसेवी व योग शिक्षिका तथा भागीरथी एन्क्लेव की अध्यक्षा पूजा सिंह और आरएएफ कावा प्रमुख निरुपमा ओझा शामिल रहीं।