मुंबई : महाविकास आघाड़ी (एमवीए) की ओर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार को संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया है। पवार गुरुवार को राज्यसभा के उम्मीदवार के रुप में अपना नामांकन भरेंगे।राकांपा एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि उन्होंने शरद पवार को फिर से राज्यसभा में भेजने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से चर्चा की थी। इन सभी नेताओं ने शरद पवार को महाविकास आघाड़ी का संयुक्त उम्मीदवार बनाए जाने की सहमति दी है।सुप्रिया सुले ने बताया कि शरद पवार कल राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भरेंगे और महाविकास आघाड़ी को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। सुप्रिया सुले ने यह भी कहा कि वे इस सिलसिले में मंगलवार को शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मिली थीं और उद्धव ठाकरे ने भी शरद पवार को समर्थन दिया है। सुप्रिया सुले ने उद्धव ठाकरे का भी आभार व्यक्त किया है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि शरद पवार हमारे वरिष्ठ नेता हैं और इसी वजह से पार्टी ने पवार को समर्थन दिया है। सपकाल ने कहा कि शरद पवार राज्यसभा में महाविकास आघाड़ी को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। साथ ही महाविकास आघाड़ी महाराष्ट्र में भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करने वाली है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal