मैड्रिड : स्पेन के प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट कोपा डेल रे के सेमीफाइनल के पहले चरण में रियल सोसिएदाद ने एथलेटिक बिलबाओ को 1-0 से हराकर अहम बढ़त हासिल कर ली। बुधवार को सैन मामेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेनात तुरिएंतस ने 62वें मिनट में नजदीकी दूरी से गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।इस जीत के साथ सोसिएदाद ने डर्बी मुकाबले में बढ़त बनाई और मार्च में होने वाले दूसरे चरण से पहले मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। रियल सोसिएदाद लगातार तीसरी बार कोपा डेल रे के सेमीफाइनल में पहुंची है और 2019-20 में खिताब जीतने के बाद पहली बार फाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर रही है। क्लब ने अब तक तीन बार यह ट्रॉफी जीती है।वहीं, एथलेटिक बिलबाओ पिछले सात सीजन में छठी बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। बिलबाओ ने 2024 में मल्लोर्का को हराकर खिताब जीता था, जबकि 2020-21 में बार्सिलोना और 2019-20 में रियल सोसिएदाद से फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ बिलबाओ का सोसिएदाद के खिलाफ जीत का सूखा चार मैचों तक पहुंच गया है। बिलबाओ ने इससे पहले दोनों टीमों की पिछली दो भिड़ंतों में जीत दर्ज की थी।कोपा डेल रे इतिहास में एथलेटिक बिलबाओ 24 खिताबों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि बार्सिलोना 32 खिताबों के साथ शीर्ष पर है। रियल मैड्रिड 20 ट्रॉफियों के साथ तीसरे स्थान पर है।टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार से शुरू होगा, जिसमें एटलेटिको मैड्रिड मेजबान के रूप में मौजूदा चैंपियन बार्सिलोना का सामना करेगा। बार्सिलोना लगातार चौथे सीजन में अंतिम चार में पहुंचा है, जबकि एटलेटिको लगातार तीसरे सीजन सेमीफाइनल में खेल रहा है। एटलेटिको ने आखिरी बार 2019-20 में फाइनल में जगह बनाई थी और उसी साल खिताब जीता था।एथलेटिक बिलबाओ ने क्वार्टरफाइनल में वालेंसिया को 2-1 से हराया था, जहां इनाकी विलियम्स ने इंजरी टाइम में विजयी गोल किया। वहीं, रियल सोसिएदाद ने अलावेस को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal