Thursday , February 12 2026

सीडीएसएल आईपीएफ की ‘अमर चित्र कथा’ कॉमिक सीरीज का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीडीएसएल इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (सीडीएसएल आईपीएफ) ने अमर चित्र कथा के सहयोग से एक निवेशक शिक्षा कॉमिक सीरीज का अनावरण किया। यह पहल सीडीएसएल की तीसरे वार्षिक संगोष्ठी “रीइमैजिन: सिक्योरिटीज मार्केट थ्रू डाटा सिनर्जी” के दौरान की गई। यह पहल सांस्कृतिक रूप से जुड़ी कहानी कहने की शैली के जरिये निवेशक जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कॉमिक सीरीज का औपचारिक शुभारंभ भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के अध्यक्ष श्री तुहिन कांता पांडेय ने किया।

सेबी के मार्गदर्शन में सीडीएसएल आईपीएफ द्वारा विकसित यह सीरीज वित्तीय अवधारणाओं को सरल बनाने और भारत के पूंजी बाजारों में सूचित भागीदारी को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखती है। अमर चित्र कथा की प्रभावशाली कहानी कहने की परंपरा को वित्तीय साक्षरता की सामग्री के साथ जोड़कर, यह पहल निवेशक शिक्षा को अधिक सुलभ, रोचक और समावेशी बनाने का प्रयास करती है।

सीरीज के शुभारंभ अवसर पर सेबी अध्यक्ष तुहिन कांता पांडेय ने कहा, “निवेशक जागरूकता समावेशी और पारदर्शी प्रतिभूति बाजारों के निर्माण की आधारशिला है। मैं निवेशक शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में डिपॉजिटरीज़ के प्रयासों की सराहना करता हूं। कॉमिक बुक सीरीज जैसी पहलें निवेशक जागरूकता फैलाने में दूरगामी भूमिका निभाएंगी। ‘स्लैम द स्कैम’ और ‘आत्मनिर्भर’ जैसे अभियानों ने लोगों को अधिक आत्मविश्वास के साथ भागीदारी के लिए सशक्त किया है।” 

इस पहल पर सीडीएसएल के एमडी एवं सीईओ नेहल वोरा ने कहा, “निवेशक शिक्षा तब सबसे प्रभावी होती है जब वह सरल, भरोसेमंद और आम लोगों से जुड़ी हो। अमर चित्र कथा के साथ साझेदारी कर हम कहानी कहने की शक्ति का उपयोग कर निवेशकों को ऐसा ज्ञान दे रहे हैं, जिससे वे सूचित और आत्मविश्वासपूर्ण वित्तीय निर्णय ले सकें।” यह कॉमिक सीरीज डिजिटल और प्रिंट दोनों प्रारूपों में उपलब्ध होगी। प्रिंट प्रतियां निवेशक संरक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से वितरित की जाएंगी। यह 12 भाषाओं — अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, गुजराती, असमिया, बंगाली, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और ओड़िया — में उपलब्ध है। ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के निवेशकों तक इसकी व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

सीडीएसएल आईपीएफ सचिवालय के प्रमुख सुधीश पिल्लई ने कहा, “निवेशक संरक्षण को मजबूत करने की शुरुआत निवेशक जागरूकता को मजबूत करने से होती है। रोचक कहानियों के माध्यम से जटिल वित्तीय अवधारणाओं को सरल बनाकर हम निवेशकों को जोखिम पहचानने, सही निर्णय लेने और पूंजी बाजारों में सुरक्षित रूप से भाग लेने के लिए आवश्यक ज्ञान प्रदान करना चाहते हैं।”