Wednesday , February 11 2026

डलास ओपन 2026: सिलिच ने रचा इतिहास, एटीपी टूर पर 600 जीत हासिल करने वाले दूसरे सक्रिय खिलाड़ी बने

डलास : पूर्व यूएस ओपन चैंपियन क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने एटीपी टूर पर अपने करियर की 600वीं जीत दर्ज कर एक खास उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही वह सक्रिय खिलाड़ियों में नोवाक जोकोविच (1,168 जीत) के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।37 वर्षीय सिलिच ने मंगलवार को डलास ओपन में अमेरिकी खिलाड़ी लर्नर टिएन को 7-5, 7-6(4) से हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। इस जीत के साथ उन्होंने अपने हमवतन और दिग्गज खिलाड़ी गोरान इवानिसेविच (599 जीत) के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।लगातार चोटों से जूझते रहे सिलिच ने इस उपलब्धि को अपनी प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ साल बेहद मुश्किल रहे। कई चुनौतियों से जूझना पड़ा। इस स्तर पर वापसी करना और लर्नर जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी के खिलाफ अच्छा खेलना बेहद सुखद है। 600 जीत का आंकड़ा मेरे टेनिस के प्रति समर्पण को दर्शाता है।”साल 2014 में फ्लशिंग मीडोज में अपना एकमात्र ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले सिलिच ने 2023 में दाहिने घुटने के लेटरल मेनिस्कस की चोट के बाद सर्जरी कराई थी। रिकवरी में आई दिक्कतों के चलते 2024 में उन्हें एक और सर्जरी से गुजरना पड़ा।हालांकि, पूर्व विश्व नंबर तीन ने शानदार वापसी करते हुए पिछले साल विंबलडन के चौथे दौर और इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर तक जगह बनाई।डलास ओपन में सिलिच का अगला मुकाबला एक और अमेरिकी खिलाड़ी से होगा, जहां उनका सामना ट्रेवर स्वाज्दा या ईथन क्विन में से किसी एक से हो सकता है।