Tuesday , January 27 2026

उत्तरायणी कौथिग : देशभक्ति गीतों से गूंजा पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति का संगम माने जाने वाले उत्तरायणी कौथिग–2026 (रजत जयंती वर्ष) के तेरहवें दिन गणतंत्र दिवस को अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंडित गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित इस महोत्सव में सुबह तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संयोजक के.एन. चंदोला, अध्यक्ष गणेश जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन सिंह मोना, महासचिव महेंद्र सिंह रावत सहित पर्वतीय महापरिषद के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ पूरे कौथिग परिसर में देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

बाल कलाकारों की देशभक्ति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शुरुआत

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत नन्हे बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत कर दी। इसके उपरांत कौथिग का प्रमुख आकर्षण रही झोड़ा प्रतियोगिता, जिसमें लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला दलों ने पारंपरिक लोकनृत्य की सशक्त प्रस्तुति दी।

झोड़ा प्रतियोगिता में आज़ाद नगर (सरोजनी नगर) से मंजू नेगी, सरोजनी नगर द्वितीय से जानकी पाठक, आरडीएसओ शाखा से सरस्वती रावत, रामलीला समिति तेलीबाग–एक से दीपा ऐरी, रामलीला समिति तेलीबाग–दो से राजेंद्र बिष्ट तथा झोड़ा टीम तेलीबाग से भावना अधिकारी के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा और सशक्त ताल–लय के साथ झोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर मंच पर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया।

लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने मंच को रंगारंग बना दिया और दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं।

रामलीला समितियों को मिला सम्मान

इसी अवसर पर पर्वतीय महापरिषद द्वारा पर्वतीय लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पंतनगर रामलीला समिति, तेलीबाग रामलीला समिति तथा आर.डी.एस.ओ. शाखा के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर पर्वतीय महापरिषद के संरक्षक डॉ. आर.सी. पंत, डी.डी. नयाल, पुष्कर नयाल, सुमन रावत, मंजू शर्मा, चित्रा कांडपाल, बसंत भट्ट एवं लक्ष्मण सिंह धामी द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।

के.एन. पाठक एवं जी.डी. भट्ट ने अंगवस्त्र प्रदान किए, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन सिंह मोना के नेतृत्व में युवा प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों ने विशाल पुष्पमाला पहनाकर मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया।
इसके पश्चात मुख्य संयोजक के.एन. चंदोला, अध्यक्ष गणेश जोशी एवं महासचिव महेंद्र सिंह रावत द्वारा प्रतीक चिह्न भेंट कर उप मुख्यमंत्री को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बृजलाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत जितेंद्र उपाध्याय, सुनील किमोठी, वीरेन्द्र आर्य, दीपक चिलकोटी एवं प्रदीप सिंह बिष्ट द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया।

विभिन्न सम्मान किए गए प्रदान

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने महेंद्र सिंह रावत को देवकी नंदन पांडेय उद्घोषक सम्मान, आनंद कपकोटी को युवा सम्मान, ख्याली सिंह कड़ाकोटी को दीवान सिंह डोलिया सम्मान, अमित बिष्ट (मूर्तिकार) को रणवीर सिंह वीरता सम्मान से सम्मानित किया गया।

प्रायोजकों को भी किया गया सम्मानित

उत्तरायणी कौथिग के प्रमुख प्रायोजक सत्यार्थ हॉस्पिटल एवं कैंसर सेंटर, कृष्णा नगर, लखनऊ के डॉ. विवेक मल्होत्रा (एम.बी.बी.एस., एम.एस., डी.एन.बी.), डॉ. मानिका मल्होत्रा (एम.बी.बी.एस., डी.एन.बी.) तथा देवेश सिंह (एडमिन हेड) को भी उप मुख्यमंत्री द्वारा प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अतिथि कलाकारों ने बांधा समां

कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथि कलाकार सौरभ मैठाणी, ललित गित्यार एवं चंद्र प्रकाश की प्रस्तुतियों ने संस्कृति प्रेमियों से खचाखच भरे कौथिग परिसर को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक चले कार्यक्रम में लोकसंस्कृति, देशभक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।