Friday , September 20 2024

इस बार सरकार बनेगी तो POK भी आपका होगा : महापौर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वर्ष 2019 में आपने भाजपा को भारी बहुमत से जिताकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया तो भव्य श्रीराम मंदिर बनने के साथ ही 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ। इस बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान कर केंद्र में सरकार बनाइये तो शायद POK भी आपका होगा। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अतरौली में भाजपा महिला मोर्चा नगर इकाई द्वारा आयोजित बैठक में उक्त बातें महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहीं।

उन्होंने कहाकि लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में विकास की गंगा बहाई है। वहीं लखनऊ पूर्वी से भाजपा उम्मीदवार ओपी श्रीवास्तव भी क्षेत्र के दिवंगत विधायक आशुतोष टंडन के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए कृत संकल्प हैं। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने क्षेत्र की समस्याएं भी गिनाई व सड़कों को बनवाने की मांग की। जिसपर महापौर ने चुनाव के बाद समस्याओं को दूर करवाने व सड़कें बनवाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व पार्षद नरेंद्र सिंह देवड़ी ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहाकि राजनाथ सिंह के प्रयासों से गोमतीनगर रेलवे का कायाकल्प हुआ है, आउटर रिंग रोड सहित कई फ्लाई ओवर की सौगात मिली है। उन्होंने राजनाथ सिंह व ओपी श्रीवास्तव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष सीता नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, कार्यक्रम की आयोजक व भाजपा महिला मोर्चा की वार्ड अध्यक्ष सोनिया भट्ट के अलावा शशि जोशी, जया शुक्ला सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिलाएं व स्थानीय निवासी मौजूद थे।