Sunday , November 29 2026

फिटनेस और ग्रूमिंग के साथ प्राकृतिक सुंदरता को दें तरजीह : नील नितिन मुकेश

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। बॉलीवुड अभिनेता, लेखक, निर्देशक एवं निर्माता नील नितिन मुकेश ने लखनऊ से अपने खास जुड़ाव को साझा करते हुए शहर की तहजीब, खानपान, खूबसूरती और यहां के लोगों के अपनत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि लखनऊ ऐसा शहर है, जो उन्हें बार-बार अपनी ओर बुलाता है और वह भी यहां आने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। यहां के लोगों से मिलने वाला प्यार और सम्मान उन्हें हमेशा वापस आने के लिए प्रेरित करता है।

नील नितिन मुकेश ने कहा कि मुंबई से लखनऊ आने और यहां के लोगों से मिलने का अवसर मिलना उनके लिए हमेशा खास रहता है। लखनऊ से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए अभिनेता ने बताया कि वह अपनी एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में यहां करीब 35 से 40 दिन तक रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने शहर की गलियों, खानपान और यहां की जीवनशैली को करीब से जाना। 

उन्होंने कहा कि लखनऊ की मिठास सिर्फ यहां के खानपान में ही नहीं, बल्कि लोगों की बातचीत और व्यवहार में भी दिखाई देती है। यहां के लोग जिस प्यार और सम्मान से मिलते हैं, वह उन्हें हमेशा याद रहता है। यही वजह है कि जब भी लखनऊ आने का अवसर मिलता है, वह उसका इंतजार करते हैं।

प्राकृतिक सुंदरता ही है असली पहचान

खूबसूरती और सौंदर्य देखभाल के बारे में पूछे जाने पर नील नितिन मुकेश ने कहा कि हर इंसान अपने आप में खूबसूरत और विशिष्ट है। प्रकृति ने प्रत्येक व्यक्ति को अलग पहचान और विशेषताएं दी हैं। ऐसे में किसी दूसरे की नकल करने के बजाय अपनी प्राकृतिक सुंदरता को पहचानना और उसे निखारना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से ज्यादा बनावटी चीजों के पक्षधर नहीं हैं। हर व्यक्ति की अपनी एक अलग पहचान होती है और उसे बनाए रखना बेहद जरूरी है। हालांकि, खूबसूरती के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित ग्रूमिंग का भी विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि त्वचा, बालों और नाखूनों की देखभाल जैसी छोटी-छोटी बातें भी व्यक्तित्व को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रूमिंग का मतलब केवल बाहरी सुंदरता नहीं, बल्कि अपने शरीर को स्वस्थ और साफ-सुथरा रखना भी है। समय-समय पर त्वचा और बालों की जरूरत के अनुसार उनकी देखभाल करनी चाहिए। पेडीक्योर और मैनीक्योर जैसी प्रक्रियाएं भी व्यक्तिगत स्वच्छता के लिहाज से उपयोगी हैं।

फिटनेस को उम्र से नहीं जोड़ना चाहिए

फिटनेस को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए नील नितिन मुकेश ने बताया कि वह नियमित रूप से चार से पांच किलोमीटर तक पैदल चलते हैं। इसके अलावा जॉगिंग, वॉकिंग और इंटरवल ट्रेनिंग भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि फिटनेस किसी खास उम्र के लोगों के लिए नहीं है, बल्कि हर उम्र में इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। शरीर को सक्रिय रखना और नियमित व्यायाम करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि खूबसूरती और फिटनेस का आपस में गहरा संबंध है। स्वस्थ शरीर और अच्छी जीवनशैली का असर व्यक्ति के व्यक्तित्व पर भी दिखाई देता है। आज की युवा पीढ़ी फिटनेस और ग्रूमिंग को लेकर पहले से कहीं अधिक जागरूक हुई है, जो एक सकारात्मक बदलाव है।

फिल्मी दुनिया में त्वचा और बालों की देखभाल जरूरी

फिल्मों में लगातार काम करने के दौरान त्वचा और बालों की देखभाल की चुनौतियों पर बात करते हुए नील नितिन मुकेश ने बताया कि कलाकारों को अक्सर तेज धूप, कैमरे की लाइट और विभिन्न मेकअप उत्पादों के बीच लंबे समय तक काम करना पड़ता है। इसका असर त्वचा और बालों पर पड़ सकता है। इसलिए नियमित देखभाल जरूरी हो जाती है। उन्होंने बताया कि उनके हेयर स्टाइलिस्ट विक्की पिछले करीब 22 वर्षों से उनके साथ हैं और बालों की देखभाल से जुड़े सुझाव देते रहते हैं। उनके अनुसार, सही तरीके से ग्रूमिंग करना और छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना लंबे समय तक अच्छा परिणाम देता है।

इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी गतिविधियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लखनऊ प्रवास के दौरान वह फिटनेस से जुड़े एक अन्य आयोजन में भी शामिल होंगे। उन्होंने फिटनेस और सौंदर्य को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए लोगों से अपनी सेहत और व्यक्तित्व की देखभाल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।