लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी में शनिवार को अर्धवार्षिक परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय की सभी 33 कक्षाओं एवं सेक्शनों के टॉप-5 में स्थान प्राप्त करने वाले 165 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर संजय कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि संजय कुमार ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कक्षा अध्यापक-अध्यापिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

कक्षा स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा छह से आद्यामल विशन ने 93.32 प्रतिशत, कक्षा सात से वैभवी श्री ने 95.88 प्रतिशत, कक्षा आठ से श्याम जी पाल ने 96.02 प्रतिशत, कक्षा नौ से अर्पिता शर्मा ने 94.13 प्रतिशत, कक्षा दस से आयुषी राजपूत ने 95.34 प्रतिशत, कक्षा 11 से दीपक प्रजापति ने 96.47 प्रतिशत तथा कक्षा 12 से प्रिंस अग्रवाल ने 93.08 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

प्ले ग्रुप से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धि पर अभिभावकों और शिक्षकों ने प्रसन्नता जताई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में नियमित अध्ययन, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला, उप प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह, विभिन्न कक्षाओं के इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal