Monday , November 2 2026

स्वस्थ बचपन से बनेगा सशक्त समाज और विकसित उत्तर प्रदेश : सतीश महाना

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में विधान सभा में यूनिसेफ, उत्तर प्रदेश कार्यालय तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर चाइल्ड राइट्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में बाल्यावस्था में बढ़ते मोटापे की समस्या, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, बाल अधिकारों तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यूनिसेफ, उत्तर प्रदेश कार्यालय के चीफ डॉ. जकारी एडम ने इस संबंध में अपनी बात रखी।

बैठक में यूनिसेफ की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञों सहित अधिकारियों तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर चाइल्ड राइट्स के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में बच्चों के बीच बढ़ते मोटापे को एक उभरती हुई गंभीर चुनौती बताते हुए इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दूरगामी प्रभावों की जानकारी दी।

यूनिसेफ प्रतिनिधियों ने बताया कि बाल्यावस्था में मोटापा आगे चलकर गैर-संचारी रोगों (NCDs) तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के जोखिम को बढ़ा सकता है। इसका प्रभाव बच्चों की शिक्षा, दैनिक जीवनशैली और भविष्य की संभावनाओं पर भी पड़ सकता है। खाद्य वातावरण में बदलाव, वसा, नमक एवं चीनी की अधिक मात्रा वाले खाद्य पदार्थों का बढ़ता प्रचार-प्रसार तथा बदलती खान-पान एवं जीवनशैली को इसके प्रमुख कारणों में बताया गया।

बैठक में महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त विधायी समिति की सभापति अंजुला माहौर सहित अन्य सदस्यों ने बच्चों के अधिकारों, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा बाल्यावस्था में मोटापे की रोकथाम के लिए विधायी स्तर पर किए जा सकने वाले प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। परिवार, विद्यालय और समाज के स्तर पर बच्चों को स्वस्थ खान-पान एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, “स्वस्थ बचपन ही सशक्त समाज और विकसित उत्तर प्रदेश की आधारशिला है। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।”

श्री महाना ने कहा कि बच्चों से जुड़े विषयों पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी सामूहिक प्रयास भी आवश्यक हैं, ताकि प्रदेश के बच्चे स्वस्थ, सक्षम, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

बैठक में महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त विधायी समिति की सभापति अंजुला माहौर, प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप कुमार दुबे सहित विधानसभा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।