लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता ‘महर्षि बॉटफिएस्टा-2026’ का शनिवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता के पांचवें सीजन में देश के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के 600 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान नौ तकनीकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी मॉडल, रोबोट और इनोवेशन बेस्ड प्रोजेक्ट प्रस्तुत किये।
महर्षि स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से IQAC के सहयोग से 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन ‘ड्रोन मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध नवप्रवर्तक डॉ. मिलिंद राज ने किया था। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर तकनीकी नवाचार और ड्रोन तकनीक की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, शनिवार को आयोजित समापन समारोह में डीआरडीओ, लखनऊ के आरसीएमए के क्षेत्रीय निदेशक विनोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों और टीमों को सम्मानित किया।

कई तरह की रोबोट प्रतियोगिताओं का किया गया आयोजन
कार्यक्रम में ड्रोन रेसिंग चैलेंज, रोबो स्पीडएक्स, रोबो सॉकर लीग, रोबोविजन टॉक्स, रोबो टग चैलेंज, रोबो कॉम्बैट एरिना, लाइनएक्स ऑटोनॉमस चैलेंज, एआई इनोवेटएक्स ग्रैंड हैकाथॉन और प्रोजेक्ट शोकेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने रोबोट निर्माण, प्रोग्रामिंग, स्वचालन, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
श्रीरामस्वरूप, एचबीटीयू,सीएमएस और लखनऊ विश्वविद्यालय की टीमों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिताओं में श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की टीम GROBOTS-1 ने ड्रोन रेसिंग चैलेंज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रोबो स्पीडएक्स के वरिष्ठ वर्ग में एचबीटीयू कानपुर की टीम Blackout Bots और कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड की टीम विजेता रही। रोबोविजन टॉक्स के कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड के विराज भाटिया और विराट भाटिया ने बाजी मारी। प्रोजेक्ट शोकेस के वरिष्ठ वर्ग में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम Banana और कनिष्ठ वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

ब्राइटलैंड स्कूल, एसआर इंस्टीट्यूट, एमिटी और ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती ने भी दिखाया दम
एआई इनोवेटएक्स ग्रैंड हैकाथॉन के कनिष्ठ वर्ग में ब्राइटलैंड स्कूल की शौर्या जैन विजेता रहीं, जबकि वरिष्ठ वर्ग में एसआर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की टीम Triple 9 ने प्रथम स्थान हासिल किया। लाइनएक्स ऑटोनॉमस चैलेंज के कनिष्ठ वर्ग में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की टीम Route Ranger और वरिष्ठ वर्ग में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की टीम Reboners विजेता रही।
इस प्रतियोगिता में लखनऊ यूनिवर्सिटी, एचबीटीयू कानपुर, ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, एमिटी यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, आईएफटीएम यूनिवर्सिटी, श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, एसआर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, जीसीआरजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस सहित कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी और कॉलेज के स्टूडेंट्स ने भाग लिया। इसके अलावा ला मार्टिनियर, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, ब्राइटलैंड स्कूल और एसकेडी अकादमी के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. भानु प्रताप सिंह, कुलसचिव डॉ. गिरीश छिमवाल, डीन अकादमिक लखनऊ कैंपस डॉ. नीरज जैन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. डॉ. भानु प्रताप सिंह ने कहाकि महर्षि बॉटफिएस्टा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर तकनीक के व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, टीम भावना और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal