Saturday , October 31 2026

‘एथलेटिका 2026’ में खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन, प्रवीण कुमार ने किया उत्साहवर्धन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेठ आनंदराम जयपुरिया ग्रुप ऑफ स्कूल्स द्वारा वार्षिक अंतर-विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता ‘एथलेटिका 2026’ के तीसरे संस्करण का आयोजन गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में किया गया। इस मौके पर भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर तरुण चावला (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, पार्टनर स्कूल्स, सेठ आनंदराम जयपुरिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस) सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं विद्यालयों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मशाल प्रज्वलन के पारंपरिक समारोह के साथ एथलेटिका 2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार ने जयपुरिया ग्रुप द्वारा विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की पहल की सराहना की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

जयपुरिया नेटवर्क के 20 विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। इस चैंपियनशिप ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, चुनौतियों का सामना करने और खेल के माध्यम से उत्कृष्टता हासिल करने का एक शानदार मंच प्रदान किया।

सेठ आनंदराम जयपुरिया ग्रुप ऑफ स्कूल्स की ओर से आयोजित अंतर-विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता ‘एथलेटिका 2026’ में कानपुर कैंट और वसुंधरा, गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी के बालक वर्ग में वसुंधरा, गाजियाबाद और बालिका वर्ग में कानपुर कैंट ने खिताब अपने नाम किया।

ट्रेलब्लेजर ट्रॉफी के अंडर-12 बालक एवं बालिका, दोनों वर्गों में कानपुर कैंट विजेता रहा। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग की ट्रॉफी वसुंधरा, गाजियाबाद और बालिका वर्ग की ट्रॉफी कानपुर कैंट ने जीती। टाइटन्स ट्रॉफी के अंडर-17 बालक वर्ग में कानपुर कैंट ने जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में कानपुर कैंट और वसुंधरा, गाजियाबाद संयुक्त विजेता रहे।

शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग में वसुंधरा, गाजियाबाद ने बाजी मारी। अंडर-14 और अंडर-17 दोनों वर्गों में शहीद पथ, लखनऊ के प्रतिभागियों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बेस्ट जर्सी अवॉर्ड उन्नाव विद्यालय को प्रदान किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विद्यालयों की टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

तरुण चावला ने जयपुरिया ग्रुप की ओर से अपने विद्यालयों के नेटवर्क में खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं का विकास करने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया।