लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. अरविंद यादव ने सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और कुशल नेतृत्व देश के लिए प्रेरणास्रोत है। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, संगठनात्मक क्षमता और दृढ़ संकल्प के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पर्व समिति, एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं अटल अंजुरी क्लब के सदस्यों सहित प्रो. संजय बरनवाल, प्रो. शरद वैश्य, प्रो. विनीता लाल, डॉ. कंचन लता, प्रो. पूनम वर्मा समेत महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उषा मिश्रा ने किया। समारोह में छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने सहभागिता की।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal