Wednesday , October 28 2026

SSB की अंतर-सीमांत टेनिस प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से आयोजित 20वीं अंतर-सीमांत लॉन टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ बुधवार को लखनऊ स्थित सीमांत मुख्यालय में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन महा निरीक्षक मीनू चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत लखनऊ के गोमती नगर स्थित मोहम्मद शाहिद मिनी स्टेडियम में विभिन्न सीमांत मुख्यालयों से आए खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और खेल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), एटीएस लखनऊ डॉ. भीम कुमार भी उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने प्रतियोगिता को खेल उत्कृष्टता, शारीरिक दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

एसएसबी की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बल के कार्मिकों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से विभिन्न सीमांत मुख्यालयों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, प्रतियोगिता आपसी सौहार्द, समन्वय और टीम भावना को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

एसएसबी सीमांत मुख्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 28 से 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न मुकाबलों के जरिए खिलाड़ी अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए जोर लगाएंगे।