लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एशिया की उच्च खेल संस्था ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एशियन वोवीनाम फेडरेशन (AVF) की वर्तमान इकाई का विवरण अपडेट किया है। वेबसाइट पर ईरान के मोहम्मद नूही को फेडरेशन के अध्यक्ष तथा लखनऊ के प्रवीण गर्ग को महासचिव के रूप में स्थान मिला है। एशियन वोवीनाम फेडरेशन का पता भी लखनऊ, उत्तर प्रदेश दर्ज है।
यह उपलब्धि लखनऊ के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण है। खिलाड़ी के रूप में लखनऊ और उत्तर प्रदेश से अनेक खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है परंतु यह पहला अवसर है जब प्रवीण गर्ग ने एशिया वोवीनाम महासचिव के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए लखनऊ का मान बढ़ाया है। इससे लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
प्रवीण गर्ग की उपलब्धि पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विभिन्न खेल संस्थाओं से जुड़े डॉक्टर नीरज सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डा. नीरज बोरा, ओ.पी. श्रीवास्तव, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित यू.पी ओलंपिक महासचिव आनंदेश्वर पांडे, जसपाल सिंह, मनीष कक्कड़ और यूजिन पाल ने फोन पर बधाई दी।
प्रवीण गर्ग अगले माह 24 से 30 नवंबर को कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित छठी एशियन चैंपियनशिप में सम्मिलित होंगे। उसके उपरांत कतर और रियाद का दौरा करेंगे जहां वोवीनाम को एशियन गेम्स में सम्मिलित करने की प्रक्रिया में अगली कार्यवाही के लिए ओलंपिक कौंसिल ऑफ़ एशिया के अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
प्रवीण गर्ग के अनुसार, एशियन वोवीनाम फेडरेशन पिछले लगभग 12 वर्षों से ईरान से संचालित हो रही थी। वर्तमान इकाई के अंतर्गत भारत को महासचिव पद का दायित्व मिलना और फेडरेशन का कार्यालय लखनऊ में स्थापित होना भारतीय खेल प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रवीण गर्ग ने कहा कि फेडरेशन के कार्यालय का लखनऊ में होना शहर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इससे अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों, प्रशासनिक बैठकों, तकनीकी प्रशिक्षण शिविरों और खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी पहलों को लखनऊ से आगे बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खेल संस्थाओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संबंधित सरकारी निकायों के सहयोग से वोवीनाम को देश में और अधिक लोकप्रिय बनाने तथा एशियाई स्तर पर इसकी प्रतिस्पर्धात्मक भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal