Tuesday , October 27 2026

AKTU : AI से बढ़ीं साइबर सुरक्षा की चुनौतियां, विशेषज्ञों ने बताए समाधान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में मंगलवार से क्रिप्टोग्राफी एवं साइबर सिक्योरिटी पर पांच दिवसीय बूटकैंप का शुभारंभ हुआ। एकेटीयू के इनोवेशन हब, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय एवं आईएसईए के संयुक्त तत्वावधान में बूटकैंप के पहले दिन विशेषज्ञों ने क्रिप्टोग्राफी एवं साइबर सिक्योरिटी के बेसिक जानकारी पर प्रकाश डाला। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में छात्रों को विभिन्न प्रकार के सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा साइबर सिक्योरिटी से जुड़े रियल समस्याओं पर हैकथॉन का भी आयोजन होगा। जिसमें छात्र समस्या को दूर करने के लिए अपने आइडिया देंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रति कुलपति प्रो0 राजीव कुमार ने कहा कि वर्तमान में अधिकतर लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। इससे बचने के लिए उपाय ढूढना जरूरी है। यह बूटकैंप छात्रों को काफी फायदा पहुंचाएगा। सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के निदेशक प्रो0 एसपी शुक्ल ने कहा कि आज के दौर में क्रिप्टोग्राफी एवं साइबर सिक्योरिटी में तमाम अवसर हैं। एआई के चलते चुनौतियां बढ़ीं हैं तो अवसर भी उतने ही हैं। इसलिए यदि छात्र सही दिशा में तैयारी करें तो निश्चित ही फायदा होगा। 

इस दौरान बतौर एक्सपर्ट सेंटर हेड आईसीएसएस डॉ0 गौरव मिश्रा, एलयू के मैथमेटिक विभाग के आनंद वल्लभ जोशी एवं आईसीएसएस के वाइस प्रेसिडेंट विजय कुमार झिंगरन ने छात्रों को साइबर सिक्योरिटी के बारे में बताया। बूटकैंप की रूपरेखा कार्यक्रम के चीफ इंवेस्टिगेटर डॉ0 अनुज कुमार शर्मा ने किया। संचालन इनोवेशन हब की सीआईओ वंदना शर्मा ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के बीटेक एवं एमटेक के छात्र शामिल हुए।