Monday , October 26 2026

PNB : ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक, केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशों के अनुपालन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 मना रहा है। इस वर्ष का थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि”, सतत विकास और राष्ट्रीय समृद्धि के आधार के रूप में ईमानदारी, नैतिक आचरण और जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डालता है।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत पीएनबी के कॉर्पोरेट कार्यालय, द्वारका, नई दिल्ली में ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करके हुई, जिसमें एकता, अखंडता और जनसेवा की उनकी विरासत को नमन किया गया। यह सप्ताह नैतिक मूल्यों को मजबूत करने, पारदर्शिता को बढ़ावा देने और संगठन में निवारक सतर्कता को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित है। इस समारोह में बैंक के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम और डी. सुरेंद्रन, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) राघवेंद्र कुमार और बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम और सीवीओ राघवेंद्र कुमार ने सभी को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। साथ ही, देश भर में बैंक के कार्यालयों और शाखाओं के कर्मचारियों ने भी शपथ लेकर एकजुटता प्रदर्शित की। 

इसके अलावा, कार्यपालक निदेशकों (ईडी) और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेशों को भी पढ़कर सुनाया। उद्घाटन समारोह के बाद बैंक के कार्यपालक निदेशक और मुख्य सतर्कता अधिकारी के नेतृत्व में एक वॉकथॉन का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमसिवम ने कहा, “यह वार्षिक आयोजन हमें अपने सभी व्यावसायिक और व्यक्तिगत व्यवहारों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर प्रदान करता है। इस वर्ष का विषय, ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’, संस्थानों को मजबूत करने और सतत विकास को बढ़ावा देने में ईमानदारी और नैतिक व्यवहार की महत्वपूर्ण भूमिका को सटीक रूप से रेखांकित करता है। सतर्कता केवल एक समर्पित विभाग की जिम्मेदारी नहीं है; यह एक सामूहिक प्रयास है जिसे हर कर्मचारी के दैनिक कार्यों और निर्णयों में शामिल किया जाना चाहिए। सत्यनिष्ठा केवल नियमों और विनियमों के पालन से परे है। यह हमारे मूल्यों और हमारे हर कार्य में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

एक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में सत्यनिष्ठा के महत्व पर जोर देते हुए, पीएनबी के सीवीओ राघवेंद्र कुमार ने कहा, “निवारक सतर्कता केवल अनियमितताओं की पहचान करने से कहीं अधिक है। यह जागरूकता पैदा करने, नैतिक निर्णय लेने को प्रोत्साहित करने और जोखिमों से सक्रिय रूप से निपटने से जुड़ी है। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के साथ, ग्राहकों को डिजिटल अरेस्ट स्कैम, म्यूल अकाउंट्स, कार्ड क्लोनिंग और मलिशस फाइलों जैसे उभरते खतरों के प्रति संवेदनशील बनाना उतना ही महत्वपूर्ण है। पीएनबी में, हम निवारक सतर्कता को मजबूत करने, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने तथा ग्राहकों को ऐसे जोखिमों से खुद को सुरक्षित रखने के लिए सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। निरंतर जागरूकता और समय पर की गई कार्रवाई के माध्यम से, हमारा उद्देश्य सतर्कता को एक ऐसी सतत अभ्यास बनाना है जो विश्वास जगाए और भ्रष्टाचार मुक्त एवं समृद्ध राष्ट्र में योगदान दे।”

सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के हिस्से के रूप में, पीएनबी ने जागरूकता और आउटरीच पहलों की  शृंखलाबद्ध योजना बनाई है। जिसमें साइबर धोखाधड़ी जागरूकता अभियान, वॉकथॉन, साइक्लाथॉन और नैतिक आचरण एवं सुरक्षित बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल कंटेंट शामिल हैं। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और परिवहन नेटवर्क पर बैनर, पोस्टर और अभियानों के माध्यम से सार्वजनिक जागरूकता को मजबूत किया जाएगा। बैंक कर्मचारियों के लिए संवेदीकरण कार्यशालाएं, निवारक सतर्कता सत्र और सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता व जवाबदेही को मजबूत करने के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन करेगा।

इन पहलों के माध्यम से, पीएनबी नैतिक शासन को मजबूत करने, भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने और “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।