Saturday , October 24 2026

डिजाइन की दुनिया में भविष्य तलाशेंगे विद्यार्थी, ‘आकार 2026’ में मिला मार्गदर्शन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एकेडमी फॉर क्रिएटिव स्टूडेंट्स की ओर से ‘आकार – द नेशनल डिज़ाइन कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें लखनऊ और आसपास के जिलों के स्कूलों के 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिज़ाइन शिक्षा, रचनात्मकता, फैशन इंडस्ट्री तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करियर के अवसरों से परिचित कराना है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देवेंद्र खरब (डीन आप स्कूल आफ फैशन) एवं चिराग गुप्ता (वाइस प्रेसिडेंट आईएमएस ग्रुप) उपस्थित रहे।

सेलिब्रिटी फैशन डिज़ाइनर एवं ACS की पूर्व छात्रा सृष्टि पाटिल ने अनुभव और उपलब्धियों से विद्यार्थियों को फैशन एवं डिज़ाइन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी भागीदारी विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने और अपने करियर के लिए नए अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

कॉन्क्लेव में लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थी, प्रधानाचार्य, कोऑर्डिनेटर और अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से जुड़े विशेषज्ञ ने मेंटर्स विद्यार्थियों को डिज़ाइन इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों, उच्च शिक्षा के विकल्पों और भविष्य में करियर निर्माण की संभावनाओं के बारे में विभिन्न तरह की जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को समझने, अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप करियर विकल्प चुनने तथा डिज़ाइन शिक्षा से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही शिक्षा और डिज़ाइन उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

एकेडमी फॉर क्रिएटिव स्टूडेंट्स के डायरेक्टर राहुल मिश्रा ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर डिज़ाइन, फैशन और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित करेगी। कॉन्क्लेव के माध्यम से उन्हें विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने और अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।

राहुल मिश्रा ने बताया कि डिजाइन का क्षेत्र केवल कपड़ों तक सीमित नहीं है। इसमें फैशन डिजाइन के साथ प्रोडक्ट डिजाइन, इंडस्ट्रियल डिजाइन और आर्किटेक्चर जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन, जूते, डिब्बे और विभिन्न मशीनों के डिजाइन भी इसी क्षेत्र का हिस्सा हैं।

उन्होंने बताया कि एकेडमी विद्यार्थियों को एनआईएफटी, एनआईडी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश की तैयारी कराती है। फैशन डिजाइन और प्रोडक्ट डिजाइन अलग-अलग क्षेत्र हैं, जिनमें विद्यार्थियों के लिए करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। डिजाइन के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कॉन्क्लेव के माध्यम से विद्यार्थियों को इस क्षेत्र की विविधताओं और भविष्य में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराया गया।

फैशन डिजाइन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सिटी मांटेसरी स्कूल चौक शाखा की टीम तथा द्वितीय स्थान APS एकेडमी की टीम ने हासिल किया। इसी क्रम में कम्युनिकेशन डिजाइन में प्रथम स्थान सेंट थॉमस स्कूल की टीम ने तथा द्वितीय स्थान स्टेला मारिस की टीम ने अपने नाम किया। प्रोडक्ट डिजाइन में प्रथम स्थान रेड रोज राजाजीपुरम की टीम ने तथा द्वितीय स्थान न्यू पब्लिक स्कूल कानपुर रोड की टीम ने प्राप्त किया।