लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में जल्द ही भारत टैक्सी की सेवाएँ शुरू की जानी है। इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को एयरपोर्ट से अपने गंतव्य तक आने-जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 65,000 यात्री आवागमन करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर ऐप-आधारित कैब सेवाएँ, निजी टैक्सी, ऑटो-रिक्शा, दोपहिया वाहन, सार्वजनिक बसें, मेट्रो और डब्ल्यूटीआई के माध्यम से प्रीमियम ड्राइवर-सहित वाहन सेवाएँ उपलब्ध हैं।
एयरपोर्ट पर प्रतिदिन लगभग 4,000 से 5,000 वाणिज्यिक ग्राउंड ट्रांसपोर्ट लेनदेन दर्ज किए जाते हैं। इनमें ऐप-आधारित कैब, निजी टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और अन्य वाणिज्यिक परिवहन सेवाएँ शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए वाणिज्यिक ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेवाओं में कैशलेस एवं डिजिटल भुगतान की व्यवस्था उपलब्ध है।
परिवहन सेवा प्रदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट ने निर्धारित कैब स्टेजिंग एरिया में मुफ़्त आरओ पेयजल की व्यवस्था भी की है। इसके अतिरिक्त, टर्मिनल से लगभग 600 मीटर की दूरी पर मेट्रो स्टेशन स्थित है, जबकि सार्वजनिक बस सेवाएँ लगभग 30 मिनट से एक घंटे के अंतराल पर उपलब्ध हैं। इससे यात्रियों को अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार परिवहन का विकल्प चुनने में मदद मिलती है।
भारत टैक्सी की प्रस्तावित शुरुआत एयरपोर्ट पर परिवहन विकल्पों के विस्तार और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम है। ऐप-आधारित कैब, टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के साथ यात्रियों को लखनऊ और आसपास के गंतव्यों तक अपनी यात्रा सुगम बनाने के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal