ग्रेटर नोएडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए इन्वेस्ट यूपी ने ग्रेटर नोएडा में दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल और उत्तर प्रदेश के बीच गोलमेज बैठक का आयोजन किया। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के अनुरूप वैश्विक निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
कोरिया वर्ल्ड क्लास एंटरप्राइज एसोसिएशन (KWCEA) का कारोबारी प्रतिनिधिमंडल 12 से 15 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के दौरे पर है। प्रतिनिधिमंडल ने आज बैठक में भाग लिया और नोएडा तथा गाजियाबाद की प्रमुख औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी इकाइयों का दौरा करेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और दक्षिण कोरिया के बीच आर्थिक सहयोग को विस्तार देना है।
दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने परखा प्रदेश का औद्योगिक इकोसिस्टम
KWCEA एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो सरकार समर्थित वर्ल्ड क्लास एंटरप्राइज कार्यक्रम के तहत 400 से अधिक कोरियाई कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व KWCEA और यूनिटेक कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन सेउंग-हो ली कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल एचसीएलटेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), संवर्धना मदरसन, डेकी इलेक्ट्रॉनिक्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का दौरा करेगा। इन दौरों के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को क्षेत्र की विनिर्माण क्षमता, प्रौद्योगिकी तंत्र और औद्योगिक बुनियादी ढांचे की जानकारी मिलेगी।
गोलमेज बैठक में 18 कंपनियों ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPELC) की प्रबंध निदेशक जसजीत कौर, इन्वेस्ट यूपी की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) गजल भारद्वाज, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) की एसीओ प्रेरणा सिंह और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के एसीओ मनीष मीना ने की।
निवेश नीतियों और प्रस्तावित कोरिया सिटी पर विशेष जोर
बैठक में UPELC ने उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स नीति, इन्वेस्ट यूपी ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) नीति, GNIDA ने औद्योगिक भूमि बैंक और YEIDA ने प्रस्तावित कोरिया सिटी की जानकारी दी। प्रस्तुतियों के बाद निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

दक्षिण कोरिया की यूनिटेक, हाना माइक्रोन, डोंगजिन सेमिकेम और शिला इंडस्ट्रियल सहित कंपनियों ने भाग लिया। इनके प्रतिनिधित्व वाले प्रमुख क्षेत्रों में सेमीकंडक्टर, विशेष रसायन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, ऑटोमोबाइल कलपुर्जे और मोबिलिटी शामिल हैं। संबंधित क्षेत्रों के भारतीय उद्योग प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
इन्वेस्ट यूपी ने विनिर्माण निवेश आकर्षित करने, वैश्विक कारोबारी केंद्र स्थापित करने और रोजगार सृजन के लिए उत्तर प्रदेश एफडीआई/एफसीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियां निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 तथा उत्तर प्रदेश ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) नीति-2024 की जानकारी दी।
बैठक का समापन नेटवर्किंग और कारोबारी साझेदारी पर चर्चा के साथ हुआ। यह पहल उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने और प्रौद्योगिकी आधारित विनिर्माण को विस्तार देने के राज्य के प्रयासों को गति प्रदान करेगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal