नई दिल्ली : सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को छात्र आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों पर हो रही कथित कार्रवाई को लेकर चिंता व्यक्त की।सौरव दास ने एक्स पर लिखा, “हमें असम, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे राज्यों में अलग-अलग सरकारी एजेंसियों द्वारा छात्रों और दूसरे प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाने, हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने की कई खबरें मिल रही हैं जिन्हें लेकर हम बहुत चिंतित हैं। सीजेपी ने अपना देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन तभी रोका था जब सरकार ने हमें भरोसा दिलाया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ अभी या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।”उन्होंने कहा कि सबसे पहले, हम हर प्रदर्शनकारी को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हमारी कानूनी टीम संबंधित राज्यों के बेहतरीन वकीलों के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने और हर संभव कानूनी मदद पहुंचाने के लिए काम कर रही है। यह काम पहले दिन से ही हो रहा है। दूसरी बात, हम सरकार, खासकर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह से अपील करते हैं कि वे हमें दिए गए भरोसे का तुरंत सम्मान करें। वे हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करें और निर्देश दें कि देश में कहीं भी किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई जबरदस्ती या बदले की कार्रवाई न हो। दर्ज की गई प्राथमिकी भी वापस ली जानी चाहिए।सौरव ने कहा कि देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन को रोकने का हमारा फैसला नेक नीयत से और पूरी तरह सरकार के इस भरोसे पर लिया गया था कि वह अपनी बात पर कायम रहेगी। उस भरोसे से पीछे हटना न केवल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के साथ विश्वासघात होगा बल्कि उन लाखों युवा भारतीयों के भरोसे को भी तोड़ना होगा जिन्होंने विरोध-प्रदर्शन के बजाय बातचीत का रास्ता चुना था। युवाओं के लिए ऐसा विश्वासघात बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal