लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में मंगलवार को 24वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर एचपीवी (HPV) टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीकाकरण अभियान का सुचारु संचालन किया। कार्यक्रम में UPHC जानकीपुरम की चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीरज (MOIC), एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

स्वास्थ्य कर्मियों ने लाभार्थियों का टीकाकरण करने के साथ ही एचपीवी संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया। समारोह के दौरान आयोजित यह विशेष टीकाकरण सत्र जनस्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal