बूथ अध्यक्ष के जन्मदिन पर घर पहुंचे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संगठनात्मक संस्कृति का प्रेरक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी एवं मंडल अध्यक्ष विमल चौधरी एक साथ पश्चिम विधानसभा के बूथ संख्या चार के अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पहुंचे और उनका जन्मदिन मनाया। यह अवसर केवल जन्मदिन की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भाजपा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक संस्कार, कार्यकर्ता सम्मान और बूथ सशक्तीकरण का प्रभावशाली संदेश बन गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिवाजी रावत को अंगवस्त्र पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तथा मंडल अध्यक्ष विमल चौधरी ने भी बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत को जन्मदिन की बधाई दी और उनके संगठनात्मक कार्यों की सराहना की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिवाजी रावत के माता-पिता को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शिवाजी रावत के पिता से कहा कि आपका बेटा भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्ष है। भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां बूथ स्तर की इकाई संगठन को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करती है। बूथ अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच सबसे सशक्त कड़ी होता है।

यह केवल जन्मदिन का अवसर नहीं था, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की अद्वितीय कार्यकर्ता संस्कृति का जीवंत उदाहरण था। बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे मजबूत नींव है और उसके घर पहुंचकर उसके साथ आत्मीयता के पल साझा करना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित विचारधारा को साकार करता है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का बूथ अध्यक्ष के आवास पहुंचना पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए भी एक प्रेरक संदेश बना। इससे यह भाव सशक्त रूप से उभरा कि भाजपा में दायित्व चाहे कोई भी हो, प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। संगठन की शक्ति बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं से ही निर्मित होती है और पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं के सुख-दुख तथा उनके परिवारों से आत्मीय जुड़ाव संगठन को और मजबूत बनाता है।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी, उपविजेता अंजनी श्रीवास्तव, लालजी टंडन वार्ड की पार्षद रोशनी रावत, पार्षद प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।