डालीगंज से निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, बैठक में तय हुई रूपरेखा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर में 65वां श्री माधव मंदिर वार्षिकोत्सव एवं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव 2026 को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए तैयारी बैठक डालीगंज स्थित मन्दिर कार्यालय आयोजित की गई। बैठक में पांच दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष बिहारी लाल साहू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता, ओमकार जायसवाल, घनश्याम दास अग्रवाल, राकेश साहू एवं श्याम जी साहू, अनुराग साहू उपस्थित रहे।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि 65वें श्री माधव मंदिर वार्षिकोत्सव एवं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 13 जुलाई को वृक्षारोपण से होगा। 14 जुलाई को सुंदरकांड पाठ, 15 जुलाई को हवन-पूजन, 16 जुलाई को भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा तथा 17 जुलाई को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन लईया मंडी में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर से प्रारंभ होकर नजीरगंज, शंकरनगर, रामकृष्ण मठ के सामने, अयोध्या रोड स्थित रामाधीन सिंह लॉन, डॉ. पन्ना लाल चौराहा एवं डालीगंज पुल से होकर निकलेगी। इसके बाद रथ यात्रा डालीगंज पुल से मुड़कर हसनगंज कोतवाली, डालीगंज बाजार होते हुए पुनः श्री माधव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।

बैठक में रथ यात्रा मार्ग की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, सजावट, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।