लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को प्रदान किये जाने वाले पदकों, डिग्रियों का अनुमोदन प्रदान किया गया। दीक्षांत समारोह में कुल 83 छात्रों को 84 पदक दिये जाएंगे। जिसमें 35 स्वर्ण पदक तो 23 रजत और 24 कान्स्य पदक हैं।
इस बार चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा। वहीं, कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक एससी वर्ग में केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को दिये जाने के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गयी। समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री एवं 52 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड होगी। कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं।
छात्रों के हित में निर्णय लेते हुए विद्या परिषद ने मार्कशीट और डिग्री के साथ अब ट्रांसक्रिप्ट भी निःशुल्क देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अलावा मूक्स के ऑनर्स कोर्स को समाप्त करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन दिया गया। चूंकि विश्वविद्यालय ऑनर्स एवं माइनर कोर्स चला रहा है इसलिए मूक्स के ऑनर्स कोर्स को खत्म करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रतिकुलपति प्रो0 राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो0 दीपक नगरिया, आईईटी के कार्यवाहक एवं कैश के निदेशक प्रो0 वीरेंद्र पाठक, एफओएपी की प्राचार्या प्रो0 वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो0 ओपी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal