लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुर्सी रोड स्थित सरगम अपार्टमेंट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) द्वारा नव निर्मित सरगम स्पोर्ट्स क्लब में ग्रीष्मकालीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में दो दिवसीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान कुल 55 मुकाबले खेले गए। लीग चरण से शुरू हुई प्रतियोगिता क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों तक पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कड़े मुकाबलों के बाद नचिकेता को प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया, जबकि अद्वितीय ने उपविजेता (रनर-अप) का स्थान प्राप्त किया। कुशाग्र तीसरे स्थान पर रहे।
आयोजन के दौरान सरगम अपार्टमेंट के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का आनंद लिया। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर सरगम आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अनुरोध राय ने कहा कि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाने तथा स्वस्थ मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरगम में ऐसा खेलमय वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे बच्चे खेलों में आगे बढ़ें और भविष्य में यहां से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलें।
प्रतियोगिता के आयोजक डी.सी. पांडेय ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण गुण है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
दो दिवसीय इस आयोजन ने न केवल बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया, बल्कि अपार्टमेंट परिसर में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा दी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal