छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया संझिया घाट का निरीक्षण
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। सूर्योपासना के इस महापर्व पर गोमती नदी के तटों पर हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। इसे देखते हुए छठ पूजा के आयोजन स्थल संझिया घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।
इसी क्रम में बुधवार को लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने गोमती नदी तट स्थित संझिया घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाट परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

डॉ. नीरज बोरा ने घाट पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, सजावट और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से निर्मित दीपक स्थली श्रीसप्त एवं रैंप की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों के कार्यों की सराहना की।
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए उन्होंने मोहन मेकिंग मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाट परिसर में पार्किंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए वाहनों के सुव्यवस्थित आवागमन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे पूजा के दौरान यातायात बाधित न हो।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि छठ पूजा के आयोजन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। इस दौरान लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, जोनल अधिकारी अजीत राय, अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर, जेडएसओ सचिन सक्सेना, छठ पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक वर्मा और महामंत्री एमके सिंह सहित नगर निगम एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal