Friday , June 12 2026

REITs ने रियल एस्टेट निवेश को बनाया आसान, विशेषज्ञों ने बताए फायदे

भारतीय रिट एसोसिएशन ने लखनऊ में आयोजित किया पहला रिट जागरूकता कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन रिट एसोसिएशन (IRA) ने लखनऊ में अपना पहला रिट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य निवेशकों को रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट्स (REITs) और निवेश के एक विकल्प के रूप में उनकी संभावनाओं के बारे में जानकारी देना था। यह कार्यक्रम रिट के प्रति जागरूकता बढ़ाने, निवेशकों के मध्य इस उभरते हुए एसेट क्लास की बेहतर समझ विकसित करने के लिए IRA द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

रिट विनियमित निवेश साधन (रेगुलेटेड इन्वेस्टमेंट व्हीकल्स) हैं। यह प्रीमियम वर्क प्लेस और शॉपिंग सेंटरों जैसी आय उत्पन्न करने वाली कमर्शियल रियल एस्टेट एसेट्स का स्वामित्व और इसका संचालन करते हैं। इन एसेट्स से किराए से प्राप्त आय निवेशकों में वितरित होती है। शेयरों की तरह, REIT यूनिट्स भी स्टॉक एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध और ट्रेडिंग योग्य होती हैं। इससे वे निवेश का आसान और लिक्विड  विकल्प बन जाती हैं।

सेबी (SEBI) के नियमों के तहत, सूचीबद्ध रिट को अपनी नेट बांटने योग्य नकदी प्रवाह (नेट डिस्ट्रिब्यूटेबल कैश फ्लो) का कम-से-कम 90 फीसदी हिस्सा यूनिटधारकों में वितरण करना अनिवार्य है। नियामकीय जरूरत के अनुसार वितरण एक वर्ष में कम-से-कम दो बार किया जाना चाहिए। अभी देश के सभी रिट तिमाही आधार पर आय का वितरण करते हैं वर्ष 2019 में भारत के पहले रिट की शुरुआत के बाद से यह क्षेत्र लगातार मजबूत ग्रोथ हासिल कर रहा है।

आज भारत में छह सूचीबद्ध रिट, ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट, एम्बेसी ऑफिस पार्क्स रिट, नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट, माइंडस्पेस बिजनेस पार्क्स रिट, नेक्सस सिलेक्ट ट्रस्ट और बगमाने प्राइम ऑफिस रिट हैं।

कार्यक्रम में बोलते हुए, माइंडस्पेस रिट की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और इंडियन REITs एसोसिएशन की कार्यकारी समिति की सदस्य प्रीति छेड़ा, CFA ने कहा, “रिट भारत में उन निवेशकों के लिए पसंदीदा निवेश विकल्पों में से एक के रूप में बनकर उभरे हैं, जो नियमित आय, पूंजी मूल्यवृद्धि (कैपिटल एप्रिसिएशन) की संभावना और अपने पोर्टफोलियो में विविधता चाहते हैं। भारत में पहले REIT के लॉन्च के बाद से सूचीबद्ध रिट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आज उनका असेट अंडर मैनेजमेंट 2.7 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। यह सेक्टर सशक्त सेबी नियम के तहत रेगुलेट किया जाता है। आकर्षक जोखिम-समायोजित प्रतिफल (रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न) और निवेशकों की व्यापक भागीदारी ने रिट को एक बड़े निवेशक वर्ग के लिए निवेश का एक आकर्षक विकल्प बना दिया है।”

नॉलेज रियल्टी ट्रस्ट के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और इंडियन रिट एसोसिएशन की कार्यकारी समिति के सदस्य नीरज तोष्नीवाल ने कहा, “हर निवेश विकल्प का अपना अलग उद्देश्य होता है। सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) अपनी स्थिरता के लिए जाने जाते हैं। इक्विटी को अक्सर लंबी अवधि में ग्रोथ के लिए प्राथमिकता दी जाती है। REITs दोनों का मिलाजुला निवेश विकल्प प्रदान करते हैं। वे नियमित वितरण के माध्यम से आय उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूंजी मूल्यवृद्धि की संभावना भी देते हैं। यही कारण है कि वे विविधता वाले निवेश पोर्टफोलियो में एक मूल्यवान जोड़ लाते हैं।”

उन्होंने कहा कि”बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान निवेशक अक्सर ऐसे ऐसेट्स क्लास की तलाश करते हैं, जो जोखिम को संतुलित करने में मदद करे। इस उद्देश्य को हासिल करने में रिट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”इंडियन रिट एसोसिएशन (IRA) एक गैर-लाभकारी उद्योग संगठन है, जिसका गठन भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के मार्गदर्शन में किया गया है। यह भारत में रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) क्षेत्र की वृद्धि और विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।”