Malviya Nagar Fire Incident: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद नगर निगम (एमसीडी) ने अवैध निर्माण और भवनों के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। एक जून से अब तक राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में 82 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है, जबकि 43 अन्य संपत्तियों को सील किया गया है। मालवीय नगर होटल हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।एमसीडी अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों और अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाना है।नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, एक जून से अब तक दक्षिण जोन में 12, सिविल लाइंस जोन में 7 और नरेला जोन में 8 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। इसके अलावा दक्षिण जोन में 14 संपत्तियों को सील किया गया है। अन्य जोनों में भी लगातार निरीक्षण और कार्रवाई जारी है।एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के सैद-उल-अजैब क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। यहां 40 से अधिक इमारतों को सील करने के लिए चिन्हित किया गया है। वहीं हौज रानी और मालवीय नगर क्षेत्र में संचालित कम से कम 12 बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटलों की भी जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार जांच केवल आवासीय भवनों तक सीमित नहीं है। सैद-उल-अजैब, हौज खास गांव और आसपास के इलाकों में संचालित रेस्तरां तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा, भवन मानकों और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।एमसीडी का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal