लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर के विधायक एवं श्रीराम कथा आयोजन समिति के संरक्षक डा. नीरज बोरा ने बताया कि पूज्यपाद पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ 1 जून को सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में होगा। कथा प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कथा के प्रथम दिवस सायं 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति सहभागी होंगे। इसके उपरांत सायं 5 बजे से जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि कथा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
श्रद्धालुओं के बैठने हेतु कथा स्थल पर श्रीराम वाटिका, जानकी वाटिका, लक्ष्मण वाटिका, भरत वाटिका एवं शत्रुघ्न वाटिका का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त पेयजल, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal