‘मेरे सपनों का प्रतापगढ़’ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाई विकास की नई सोच

प्रतापगढ़ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। युवाओं और विद्यार्थियों की सोच, रचनात्मकता और अपने जनपद के प्रति लगाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बेल्हा माई फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘मेरे सपनों का प्रतापगढ़’ निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रतापगढ़ के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, रोजगार, संस्कृति और आधुनिक भविष्य को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में बेहदौल खुर्द, गौरा आरएस, प्रतापगढ़ निवासी शिवांगी शुक्ला को प्रथम पुरस्कार, पीडी चौराहा, ढकवा बाज़ार, प्रतापगढ़ निवासी प्रीति खरवार को द्वितीय पुरस्कार और पूरे खंदरे, पोस्ट छतरपुर, प्रतापगढ़ निवासी हर्षिता सिंह को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ साथ प्रतापगढ़ जिले के दस अन्य प्रतिभावान युवाओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

फाउंडेशन की ओर से विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतापगढ़ के मूल निवासी बेल्हा माई फाउंडेशन के संस्थापक एवं पूर्व कमिश्नर अंजनी कुमार पाण्डेय (आईआरएस) ने कहा कि प्रतापगढ़ की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है। यही कारण है कि हम युवाओं खासतौर पर बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न जनहित कार्यक्रमों के माध्यम से इन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही इन प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की सोच और उनके सपनों को जानने का अवसर मिला है। बच्चों ने जिस तरह से प्रतापगढ़ के भविष्य की कल्पना की है, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन आगे भी शिक्षा, साहित्य, कला और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा, ताकि जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके और प्रतापगढ़ नई पहचान बना सके।