लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आम नागरिकों को उनके नजदीकी क्षेत्र में सरल और त्वरित पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा मोबाइल पासपोर्ट वैन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने ही इलाके में पासपोर्ट आवेदन की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त खर्च से राहत मिल सकेगी।
इसी क्रम में जनपद देवरिया के उप डाकघर भटपार रानी तथा उप डाकघर रामपुर कारखाना में मोबाइल पासपोर्ट वैन शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उप डाकघर भटपार रानी में यह शिविर 11, 12 और 13 मई 2026 को लगाया जाएगा। वहीं उप डाकघर रामपुर कारखाना में 14, 15 और 16 मई 2026 तक पासपोर्ट वैन शिविर संचालित होगा।
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक दिन 50 सामान्य अपॉइंटमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर केंद्र के रूप में VAN-1 का चयन कर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। निर्धारित तिथि पर आवेदक संबंधित उप डाकघरों में स्थापित VAN-1 केंद्र पर पहुंचकर अपने आवेदन जमा कर सकेंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने बताया कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत महोबा जनपद से की गई थी। इसके बाद यह सुविधा चित्रकूट, बस्ती, चंदौली, सोरांव और फूलपुर सहित कई स्थानों पर सफलतापूर्वक संचालित की जा चुकी है। इन शिविरों को आम जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी प्राप्त हुई है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अधिकारियों ने कहा कि विभाग नागरिकों को सहज, सुगम और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिल रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal