रोमांचक मुकाबले में स्पोर्ट्स गैलेक्सी एलेवेन ने मारी बाज़ी, बेटियों ने दिखाया दमखम
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पूर्व सांसद, प्रख्यात अधिवक्ता एवं वरिष्ठ समाजसेवी स्व. राम पियारे सुमन की 79वीं जयंती के अवसर पर पारा स्थित स्पोर्ट्स गैलेक्सी ग्राउंड में एक दिवसीय महिला क्रिकेट प्रदर्शनी मैच ‘आरपीएस ट्रॉफी 2026’ का सफल आयोजन हुआ। उर्मिला सुमन-द फाउंडेशन एवं आर पी एस चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बेटियों को समर्पित यह मैच महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
मैदान पर दिखा कड़ा मुकाबला
मैच की शुरुआत में आरपीएस एलेवेन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 118 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रियांशी यादव ने शानदार 40 रन और अपेक्षा त्रिपाठी ने 31 रनों का योगदान दिया। स्पोर्ट्स गैलेक्सी एलेवेन की ओर से संध्या छेत्री ने बेहद किफायती गेंदबाजी की।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्स गैलेक्सी एलेवेन की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद 20वें ओवर में 7 विकेट खोकर 119 रन बनाकर 3 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की ओर से आयुषी श्रीवास्तव ने 42 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि शगुन यादव ने 17 रनों का महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
बेटियों के सपनों को नई उड़ान
कार्यक्रम की आयोजक और उर्मिला सुमन-द फाउंडेशन की प्रेसिडेंट रीता प्रकाश “मणिकर्णिका” (पुत्री स्व. राम पियारे सुमन) ने बताया कि यह आयोजन लगातार चार वर्षों तक अंबेडकर नगर में होने के बाद पिछले तीन वर्षों से लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और लड़कियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
मैच के उपरांत दोनों टीमों के प्रत्येक खिलाड़ी को उत्साहवर्धन हेतु शॉपिंग कूपन प्रदान किए गए। इस अवसर पर आरपीएस चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रेसिडेंट राजन सुमन, लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी शुभांश और यूपीसीए की क्रिकेट प्रबंधक व नेशनल खिलाड़ी साइमा अली विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रजेश यादव (सेज क्रिकेट अकादमी), भरत दुबे (अध्यक्ष, नाजा कंप्यूटर मार्केट), अर्पित यादव (अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब), संयुक्ता दुबे, अखिल कुमार और शिवम सुमन का विशेष सहयोग रहा।
बाबू जी की स्मृति में जनहित कार्य
जयंती के अवसर पर केवल खेल ही नहीं, बल्कि जनसेवा के कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई। अलीगंज सेक्टर जी स्थित राम निवास पार्क में क्षेत्रीय पार्षद पृथ्वी गुप्ता के सानिध्य में बाबू जी की स्मृति में पार्क में आने वाले आगंतुकों हेतु बेंच लगवाई गईं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों और आमजन को सुविधा मिल सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal