नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने शनिवार को ‘एनडीटीवी युवा 2026’ कार्यक्रम में युवाओं से अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए फोकस बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि युवा देश के शासन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
ओलंपिक पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि सफलता पाने के लिए असफलता भी जरूरी होती है। हम सभी को कभी न कभी असफल होना चाहिए। आप अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं, बस आपको फोकस बनाए रखना है।
राजस्थान सरकार में उद्योग, खेल और युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि आज के युवा पहले की तुलना में ज्यादा जागरूक हैं। जब हम युवा थे, तब हमारी जागरूकता कम थी, लेकिन आज के युवा देश और दुनिया को बेहतर तरीके से समझते हैं। देश किस दिशा में जाएगा, यह काफी हद तक युवाओं पर निर्भर करता है।
अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए राज्यवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि उन्हें काफी अपमान का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने उसे अपनी ताकत बना लिया। उन्होंने कहा, मैंने उस अपमान को ईंधन की तरह इस्तेमाल किया। जिस दिन मैं थक गया, उसी दिन मैंने सबसे ज्यादा सीखा। किसी ने मुझे सलाह दी थी कि परिस्थितियां बदलती रहेंगी, लेकिन उन परिस्थितियों में आपके फैसले ही आपका भविष्य तय करते हैं। मैंने इन शब्दों को लिखकर अपने घर में लगा लिया था।
उन्होंने कहा, “इससे मुझे हर समय याद रहता था कि कोई मेरी मदद करने नहीं आएगा। मेरे भविष्य पर मेरा ही नियंत्रण है और मुझे ही उसे आकार देना है।”
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विषय पर बोलते हुए राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि यह धारणा गलत है कि AI नौकरियां छीन लेगा। AI आपकी मदद के लिए है। इसका सही इस्तेमाल करें। AI भावनाएं, संवेदनशीलता, साहस और सहयोग नहीं ला सकता। यही चीजें इंसान को सफल बनाती हैं।

1990 के दशक की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में अपनी तैनाती को याद करते हुए राठौर ने अपनी मां के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया, मेरी मां ने मुझसे पूछा था कि क्या कश्मीर सुंदर है और क्या इसके लिए लड़ना जरूरी है। राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर राठौर ने कहा, सभी का स्वागत है। जो सुबह भटका हो और शाम को घर लौट आए, उसे भटका हुआ नहीं कहते।
उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह युवा हैं, लेकिन युवाओं के पास दिशा होना जरूरी है। वहीं, उन्होंने सचिन पायलट की सराहना करते हुए कहा कि वह सम्मान के साथ बात करते हैं और बोलने से पहले अपने शब्दों को सोच-समझकर चुनते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal