लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आरआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हैकाथॉन ‘इनोवाथॉन 2026’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। नवाचार, तकनीकी कौशल और टीम वर्क को बढ़ावा देने वाले इस आयोजन ने प्रदेशभर के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम में 300 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 210 से अधिक टीमों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्र, मेंटरशिप, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट और अंतिम प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और समस्या-समाधान क्षमता का प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बाद शीर्ष 30 टीमों का चयन किया गया, जिन्होंने फाइनल राउंड में जूरी के समक्ष अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। समापन समारोह में इन टीमों ने ऊर्जावान प्रस्तुतियों के साथ निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रथम स्थान पर टीम Zerorace (फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, रायबरेली) रही।द्वितीय स्थान टीम Code Crackers (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ) और तृतीय स्थान टीम Code Red X (आरआरजीआई, लखनऊ) ने प्राप्त किया।
विजेता टीमों को क्रमशः ₹21,000, ₹8,100 और ₹3,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही Krutrim (Ola) की ओर से क्लाउड क्रेडिट्स भी दिए गए, जिनकी राशि क्रमशः ₹12,000, ₹8,000 और ₹5,000 रही।
इस आयोजन में 1500 से अधिक प्रतिभागियों, 300 से अधिक टीमों और 30 से अधिक महाविद्यालयों की सहभागिता रही। जिसने इसे नवाचार का एक बड़ा मंच बना दिया। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत प्रोटोटाइप्स ने वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल का संकेत दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में Dextora AI के सीईओ अभय जीत सिंह एवं Fortax के संस्थापक अमित उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक एस.एस. चौहान, डीन अकादमिक्स दुर्गेश वर्मा, चीफ प्रॉक्टर विजय बहादुर, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विकास सिंह एवं आशीष शुक्ला सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में Krutrim Cloud की वाटिका मल्होत्रा की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने उद्योग और शिक्षण संस्थान के बीच सेतु का कार्य किया। डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट आरती जायसवाल ने प्रतिभागियों के नवाचार, समर्पण और तकनीकी दक्षता की सराहना की।
अंत में, संस्थान के सचिव चितांशु अग्रवाल ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए छात्रों को अपने विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए प्रेरित किया। ‘इनोवाथॉन 2026’ ने यह साबित कर दिया कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को नवाचार, सहयोग और समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रेरित करने वाला प्रभावी मंच है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal