Sunday , March 29 2026

संस्कृति और संस्कार की शिक्षा दे रही विद्या भारती : प्रान्त प्रचारक 

गोंडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवपुरम बड़गांव में शुक्रवार को नवीन भवन का लोकार्पण वैदिक मंत्रोचार से सम्पन्न हुआ। लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत के प्रान्त प्रचारक कौशल, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह तथा विद्यालय के प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व विद्यालय के नवीन भवन में सुंदरकांड पाठ सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर कर हिस्सा लिया। 

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक  प्रवीण, जिला प्रचारक सतीश, राजेंद्र खुराना, रामप्रकश गुप्त, रवि शुक्ल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में प्रान्त प्रचारक ने गोंडा विभाग में सबसे बड़े विद्यालय के रूप में सरस्वती विद्या मंदिर बड़गांव को विकसित करने की समाज से अपील की।

उन्होंने कहाकि विद्या भारती की एक लम्बी श्रृंखला राष्ट्र मे भारतीय संस्कृति आधारित एवं संस्कार युक्त शिक्षा देने हेतु प्रयासरत है। कौशल ने कहा कि इस जनपद के विद्यालय भी एक श्रेष्ठ कीर्तिमान स्थापित करें जिसमे समाज का सहयोग हो और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहे। 

इस अवसर पर विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह, राजा बाबू, कमल शाह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पाण्डेय ने किया। विद्यालय की बहनों ने स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र पाण्डेय ने अतिथि महानुभावों का परिचय स्वागत तथा कार्यक्रम के अंत मे सभी का आभार व्यक्त किया।