Friday , March 27 2026

यथार्थ हॉस्पिटल : अलीगढ़ में न्यूरोसर्जरी ओपीडी शुरू, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ओमेगा-1, ग्रेटर नोएडा द्वारा अलीगढ़ में न्यूरोसर्जरी (मस्तिष्क एवं रीढ़ की हड्डी) ओपीडी का आरंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उनके शहर में ही उन्नत सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। 

यह विशेष ओपीडी वेद हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर, खैर बाईपास रोड, अलीगढ़ में आयोजित की गई। इस ओपीडी में यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन व स्पाइन स्पेशलिस्ट डॉ. राहुल शर्मा से बड़ी संख्या में मरीजों ने परामर्श लिया। उन्होंने मस्तिष्क एवं रीढ़ की हड्डी से संबंधित विभिन्न जटिल समस्याओं के लिए विस्तृत जांच, सलाह और आगे के उपचार हेतु मरीजों को मार्गदर्शन दिया।

ओपीडी के दौरान स्लिप डिस्क प्रोलैप्स, नर्व कंप्रेशन, नसों से संबंधित दर्द (साइटिका/सर्वाइकल), ब्रेन ट्यूमर, रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर, ब्रेन एवं स्पाइन की चोट (ट्रॉमा), माइग्रेन एवं सिरदर्द, ब्रेन हेमरेज, स्ट्रोक (लकवा), मिर्गी और मेमोरी लॉस (डिमेंशिया) जैसी समस्याओं से ग्रसित मरीजों ने विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। साथ ही शरीर में दर्द और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के लिए भी मरीजों को उचित दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर डॉ. राहुल शर्मा (सीनियर कंसल्टेंट, न्यूरोसर्जरी एवं प्रमुख – MISS एवं पेन मॉड्यूलेशन) ने कहा, “मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से संबंधित बीमारियों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। लेकिन सही समय पर पहचान और उपचार से इनका प्रभावी प्रबंधन संभव है। अलीगढ़ में इस ओपीडी के माध्यम से मरीजों को उनके शहर में ही विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना हमारे लिए अत्यंत संतोषजनक है।”

इस अवसर पर वेद हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर के ऑर्थोपेडिक्स एवं स्पाइन सर्जन डॉ. अंकुर अग्रवाल (फेलोशिप इन आर्थ्रोप्लास्टी, ट्रॉमा, आर्थ्रोस्कोपी, जॉइंट रिप्लेसमेंट एवं स्पाइन सर्जरी) ने कहा, “वेद हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर में अब यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. राहुल शर्मा द्वारा प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे बुधवार को नियमित ओपीडी की जाएगी। यह अलीगढ़ के लोगों के लिए एक बड़ी सुविधा है, क्योंकि अब उन्हें न्यूरो एवं स्पाइन से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए एनसीआर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यहां एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी, ब्रेन ट्यूमर सहित सभी प्रकार की न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का उन्नत उपचार उपलब्ध है।”

डॉ. सुनील बालियान (सीओओ एवं फैसिलिटी डायरेक्टर, यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा) ने कहा, “अलीगढ़ में आयोजित इस न्यूरोसर्जरी ओपीडी को जिस तरह का सकारात्मक प्रतिसाद मिला है, वह हमारे लिए अत्यंत उत्साहजनक है। हमारा उद्देश्य उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को हर क्षेत्र तक पहुंचाना है, और इस तरह की पहलें हमें उस लक्ष्य के और करीब लाती हैं। हम भविष्य में भी इस प्रकार के प्रयासों को निरंतर जारी रखेंगे।”