Sunday , March 15 2026

अगले सप्ताह तीन नए आईपीओ की लॉन्चिंग, तीन शेयरों की हो सकती है लिस्टिंग

नई दिल्ली : सोमवार यानी 16 मार्च से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में तीन कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। इनमें से दो कंपनियों के आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि एक आईपीओ एसएमई सेगमेंट का है। इन नई लॉन्चिंग के अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले एक आईपीओ में भी इस सप्ताह 17 मार्च तक निवेशक बोली लगा सकेंगे। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह तीन कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें दो कंपनी मेनबोर्ड सेगमेंट की है।सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 16 मार्च को जीएसपी क्रॉप साइंसेज का 400 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। इस इश्यू में 18 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 307 रुपये से लेकर 320 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 46 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 मार्च को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।इसी तरह सप्ताह के अगले कारोबारी दिन 17 मार्च को नोवस लॉयल्टी का 60.15 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। इस इश्यू में 20 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 139 रुपये से लेकर 146 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 25 मार्च को बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।इसके अलावा सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 20 मार्च को देश की मिनी रत्न कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइनिंग (सीएमपीडीआई) का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। है। इस इश्यू में 24 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। इस इश्यू के लिए अभी प्राइस बैंड और लॉट साइज का ऐलान नहीं किया गया है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 30 मार्च को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह दस मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले इनोविजन लिमिटेड के 305.76 करोड़ रुपये के आईपीओ में 17 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। पहले ये इश्यू 12 मार्च को क्लोज होने वाला था, लेकिन कंपनी ने क्लोजिंग की तारीख बढ़ाकर 17 मार्च कर दी। इसी तरह इश्यू का साइज भी पहले से तय 322.84 करोड़ रुपये से घटा कर 305.76 करोड़ रुपये कर दिया गया। कंपनी ने आईपीओ के प्राइस बैंड में भी बदलाव किया है। अब इस इश्यू के लिए पहले तय 521 रुपये से लेकर 548 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड को बदल कर 494 रुपये से लेकर 519 रुपये प्रति शेयर कर दिया गया है। निवेशक इस आईपीओ में 27 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं।आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 20 मार्च को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। अभी तक इस आईपीओ को 31 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल सका है। जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन राजपूताना स्टेनलेस के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी तरह 18 मार्च को एप्सिस एयरोकॉम के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं। इसके अलावा सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 20 मार्च को इनोविजन लिमिटेड के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।