Wednesday , March 11 2026

सिलेंडर भरे ट्रक चोरी की घटना का खुलासा, सात गिरफ्तार

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना सीपरी बाजार क्षेत्र से चार दिन पूर्व चोरी हुए गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की घटना का बुधवार को थाना सीपरी बाजार और स्वाट टीम ने खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से ग्यारह लाख से अधिक की नकदी सहित गैस सिलेंडर, ट्रक और तमंचा कारतूस बरामद कर लिए। आरोपियों ने गैस सिलेंडर चोरी करने के बाद ग्यारह लाख कीमत में बेच दिए थे।एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बुधवार काे जानकारी देते हुए बताया कि 6 मार्च 2026 को राय गंज निवासी नीरज अग्रवाल ने थाना सीपरी बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया था कि ट्रक संख्या यूपी 93 बीटी 3341 जो करारी स्थित भारत पेट्रोलियम में अटैच है,दो मार्च को कानपुर गजनेर जाने के लिए पेट्रोलियम से 524 गैस सिलेंडर लोड कर प्लांट के बाहर खड़ा कर ड्राइवर चला गया था। अज्ञात चोरों द्वारा ट्रक ले जा कर 524 सिलेंडर चोरी कर खाली गाड़ी परीछा में खड़ी कर भाग गए थे। थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी।इधर मामले को गंभीरता से लेकर एसएसपी ने इसका खुलासा करने के लिए स्वाट, सर्वेलेंस और थाना सीपरी बाजार पुलिस को लगाया था। घटना का सफल अनावरण करने में लगी पुलिस टीमों को बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि ग्वालियर रोड गैस गोदाम से पचास मीटर दूर गैस सिलेंडर चोरीकांड के अभियुक्त खड़े है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने प्रेमनगर के गाड़िया फाटक निवासी जावेद, समथर के काली मर्दन निवासी आमिर, प्रेमनगर के महाराज पुरा निवासी ऋतिक व स्कूलपुरा निवासी सुमित अहिरवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक अपाचे बाइक क्रमांक यूपी 93 सीए 8642 बरामद कर ली। पुलिस टीम ने इन अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर समथर के तिवरियाना मोहल्ला निवासी शुभांकर परिहार, अभिषेक व सुरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से 11 लाख दस हजार रुपए नकद, 83 हजार 820 रुपए बिक्री के बरामद कर लिए।ऐसे दिया था घटना को अंजामएसएसपी ने आगे बताया कि अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि जावेद और ऋतिक गैस प्लांट के पुराने ट्रक चालक हैं, गैस सिलेंडर से भरा ट्रक जावेद चलाकर ले गया था। ऋतिक बाइक से चल रहा था। चिरगांव पहुंचने के बाद अमीर, सुरेन्द्र ओर अभिषेक ट्रक को समथर गैस गोदाम ले गए। जहां सिलेंडर बेचने के बाद खाली ट्रक खड़ा कर भाग गए थे बिक्री का सारा पैसा जावेद अपने साथ ले गया था। एसएसपी ने गैस सिलेंडर चोरीकांड की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की।