Wednesday , March 11 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव का रुख बना हुआ है। आज शेयर बाजार ने सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत की थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी भी आई, लेकिन पहले 5 मिनट के कारोबार के बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत और निफ्टी 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एवियशन, अदानी पोर्ट्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी और टाटा स्टील के शेयर 2.20 प्रतिशत से लेकर 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा, मैक्स हेल्थकेयर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और भारती एयरटेल के शेयर 1.21 प्रतिशत से लेकर 1.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,676 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,096 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 580 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।बीएसई का सेंसेक्स आज 32.93 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,238.91 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 78,324.37 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की। इसके बावजूद इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ सका। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 380.65 अंक की गिरावट के साथ 77,825.33 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 29.75 अंक टूट कर 24,231.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर थोड़ी ही देर में यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में 24,299 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी दोबारा लाल निशान में गिर गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 112.45 अंक की कमजोरी के साथ 24,149.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 639.82 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,205.98 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,261.60 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।—————