मोहाली : इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट (आईआईएस) की पहल ‘इंडिया नॉकआउट नाइट्स’ का आगाज बुधवार को मोहाली स्थित सीजीसी यूनिवर्सिटी के सेंटर लॉन में शानदार अंदाज में हुआ। पूरा परिसर एक भव्य बॉक्सिंग एरीना में तब्दील हो गया, जहां करीब 3000 दर्शकों की मौजूदगी में हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले गए।आईआईएस और पेशेवर मुक्केबाज़ नीरज गोयत के सहयोग से आयोजित इस अनूठे मंच पर अलग-अलग भार वर्गों में कुल आठ मुकाबले हुए। शाम की शुरुआत सुपरफ्लाईवेट वर्ग में शिक्षा और ज्योति के रोमांचक मुकाबले से हुई। चार राउंड तक चले इस मुकाबले में शिक्षा ने जीत दर्ज कर दर्शकों का दिल जीत लिया। मुकाबलों के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और अंतिम घंटी तक माहौल ऊर्जा से भरपूर बना रहा।‘इंडिया नॉकआउट नाइट्स’ को एक बहु-शहरी पेशेवर बॉक्सिंग लीग के रूप में तैयार किया गया है, जिसके तहत नियमित फाइट नाइट्स आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य भारतीय मुक्केबाज़ों को लगातार प्रतिस्पर्धी अवसर प्रदान करना, अनुभव बढ़ाना और बड़े बहु-खेल आयोजनों से परे एक स्थायी पेशेवर करियर का मार्ग प्रशस्त करना है।इस विशेष आयोजन में कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिव्यांशु सिंह, आईआईएस की अध्यक्ष मनीषा मल्होत्रा और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह शामिल थे।आईआईएस की अध्यक्ष मनीषा मल्होत्रा ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों को बॉक्सिंग का आनंद लेते देखना बेहद उत्साहजनक है। यह हमारे लिए सीखने का भी अवसर है और हम इस मंच को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे। हमारा लक्ष्य बॉक्सिंग को दृश्यता, प्रतिभा विकास और खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट करियर मार्ग प्रदान करना है।”इंडिया नॉकआउट नाइट्स के सह-संस्थापक नीरज गोयत ने कहा, “यह आईकेएन का पहला संस्करण था, इसलिए बहुत कुछ सीखने को मिला। दर्शकों की ऊर्जा अविश्वसनीय रही। मैं लंबे समय से ऐसे आंदोलन का हिस्सा बनने का सपना देख रहा था और आज उसे साकार होते देख बेहद खुशी हो रही है।”जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सीईओ दिव्यांशु सिंह ने कहा, “ऐसे मंच भारतीय मुक्केबाज़ों के लिए वास्तविक प्रतिस्पर्धी मार्ग तैयार करते हैं। नियमित मुकाबले खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं और इस तरह की पहल खेल को नई ऊंचाई दे सकती है।”शानदार शुरुआत और दर्शकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया के साथ ‘इंडिया नॉकआउट नाइट्स’ ने भारतीय मुक्केबाज़ी के लिए एक दीर्घकालिक, प्रतिस्पर्धी और मनोरंजक मंच बनने का संकेत दे दिया है।मुकाबलों के परिणाम:दीपक तंवर ने साक्षम सिंह को हराया – लाइट हेवीवेटसंदीप नैन और अंकित कुवार – सुपर मिडलवेट (ड्रा)गुरदीप सिंह ने रितेश बिष्ट को हराया – प्रदर्शनी मुकाबलाश्वेता ने नंदिनी को हराया – लाइटवेटआशीष सिवाच ने कवि कुमार को हराया – सुपर फेदरवेटविकास ने अमित यादव को हराया – वेल्टरवेटअंकित सिंह ने अर्शदीप सिंह को हराया – क्रूजरवेटशिक्षा ने ज्योति को हराया – सुपरफ्लाईवेट
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal