लिवरपूल : प्रीमियर लीग 2025-26 में सोमवार को खेले गए मुकाबले में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने एवर्टन को 1-0 से हराकर महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए। जीत के नायक एक बार फिर सुपर सब बेंजामिन सेस्को बने, जिन्होंने मैदान पर उतरने के 13 मिनट बाद निर्णायक गोल दागा।सेस्को ने पिछले चार मैचों में तीसरी बार बेंच से आकर गोल किया और टीम को अहम अंक दिलाए। मैच के 71वें मिनट में उन्होंने शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड के पार पहुंचाया। यह गोल पूरे मैच का सबसे बेहतरीन मूव था।हमले की शुरुआत मैथियस कुन्हा की लंबी पास से हुई, जिसे ब्रायन म्बेउमो ने बेहतरीन तरीके से कंट्रोल किया और सटीक पास सेस्को को दिया। सेस्को ने बिना गलती किए गेंद को गोल में पहुंचा दिया। अंतरिम कोच माइकल कैरिक ने गोल की तारीफ करते हुए इसे आत्मविश्वास से भरा और निर्णायक फिनिश बताया।मैच का अधिकांश समय दोनों टीमों की डिफेंस हावी रही। भारी पिच के कारण खेल की रफ्तार धीमी रही और आक्रमण में धार कम नजर आई। हालांकि यूनाइटेड ने जवाबी हमले में अपनी ताकत दिखाई और एकमात्र मौके को गोल में बदल दिया।इस जीत के साथ चौथे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर यूनाइटेड ने चेल्सी और लिवरपूल पर तीन अंकों की बढ़त बना ली है। टीम अब एस्टन विला से तीन अंक पीछे है। साथ ही, 13 जनवरी को रुबेन अमोरिम की जगह जिम्मेदारी संभालने वाले कैरिक की टीम लगातार छह मैचों से अजेय है।वहीं एवर्टन के लिए यह हार यूरोपीय प्रतियोगिताओं में जगह बनाने की उम्मीदों को झटका है। टीम नौवें स्थान पर खिसक गई है और चेल्सी व लिवरपूल से आठ अंक पीछे हो गई है। कोच डेविड मोयेस ने कहा कि उनकी टीम ने अच्छा प्रयास किया, लेकिन जवाबी हमले में गोल खा बैठी और गुणवत्ता की कमी के कारण मौके भुना नहीं सकी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal