Monday , February 23 2026

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के आरोप से लियोनेल मेसी को मिली क्लीन चिट

नई दिल्ली : मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) ने समीक्षा के बाद स्पष्ट किया है कि स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया। इंटर मियामी की सत्र की शुरुआत में मिली 0-3 की हार के बाद मैच अधिकारियों के पीछे एक दरवाजे से अंदर जाने को लेकर उन पर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने का आरोप लगा था।यह घटना शनिवार को एमएलएस के मुकाबले के दौरान हुई, जब इंटर मियामी सीएफ को लॉस एंजेल्स एफसी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।लीग प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि वीडियो फुटेज की समीक्षा के बाद यह पाया गया कि मेसी जिस स्थान पर गए थे, वह न तो रेफरी का ड्रेसिंग रूम था और न ही कोई प्रतिबंधित क्षेत्र। इसलिए किसी नीति का उल्लंघन नहीं हुआ।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इंटर मियामी के खिलाड़ी लुइस सुआरेज़ मेसी को हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश करते दिखे, लेकिन अर्जेंटीना के कप्तान उस दरवाजे से अंदर चले गए। कुछ क्षण बाद वे वापस बाहर भी आ गए। लीग प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई क्षेत्र प्रतिबंधित होता, तो वहां स्पष्ट संकेतक (साइनज) लगे होते।इस पूरे घटनाक्रम पर इंटर मियामी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।गौरतलब है कि गत चैंपियन इंटर मियामी ने सत्र की शुरुआत हार के साथ की। यह मुकाबला 75,673 दर्शकों की मौजूदगी में खेला गया, जो एमएलएस ओपनिंग वीकेंड के इतिहास में सबसे अधिक उपस्थिति वाला मैच रहा।—————