Tuesday , March 24 2026

तेलंगाना के मेदाराम जातरा में कथित यौन उत्पीड़न पर एनसीडब्ल्यू ने लिया संज्ञान, जांच समिति गठितy

नई दिल्ली : राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने तेलंगाना के मुलुगु जिले के मेदाराम में हाल ही में आयोजित सम्मक्का–सरलम्मा जातरा के दौरान 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना का संज्ञान लिया है। यह घटना छत्तीसगढ़ के पांच युवकों द्वारा कथित रूप से किए गए सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित है।मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस कथित घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है।आयोग द्वारा बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार जांच समिति की अध्यक्षता एनसीडब्ल्यू की सदस्य डेलिना खोंगदुप करेंगी। एनसीडब्ल्यू की वरिष्ठ समन्वयक कंचन खट्टर समिति की सदस्य होंगी। समिति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), मुलुगु, तेलंगाना द्वारा नामित एक अधिवक्ता की सहायता भी ले सकती है।समिति जांच की शुरुआत 5 फरवरी से करेगी। समिति के सदस्य कथित घटना तक पहुंचने वाली परिस्थितियों की जांच, संबंधित प्राधिकरणों द्वारा की गई कार्रवाई का आकलन, तथ्यों की पुष्टि हेतु संबंधित अधिकारियों एवं व्यक्तियों से संवाद करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक उपायों की संस्तुति करने का दायित्व सौंपा गया है। जांच की बाद समिति अपनी संस्तुतियां आयोग को उपयुक्त कार्रवाई के लिए सौंपेगी। आयोग जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले की सतत निगरानी करेगा।—————