प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फूलपुर थाने की पुलिस टीम ने हत्या का खुलासा करते हुए रविवार देर रात मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया जबकि हत्या में शामिल दूसरे युवक की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित फूलपुर थाना क्षेत्र के बलिकरनपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार पुत्र संगमलाल है। वारदात में शामिल प्रदीप के दोस्त पप्पू मूसहर उर्फ रामसजीवन की तलाश में टीमें लगी हुई है। उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी को अभियुक्त प्रदीप कुमार ने थाने में सूचना देकर अपनी भाभी सीमा देवी की गुमशुदगी दर्ज करायी थी । उक्त गुमशुदा की तलाश के दौरान थाना फूलपुर पुलिस को सूचना मिली कि बलकरनपुर गाँव मे एक प्लास्टिक की बोरी मे एक शव कुएँ मे दिखायी पड़ रहा है । शव मिलने के बाद पुलिस ने इस संबंध में धारा-103 (1), 238, 61(2)(क) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतका के देवर प्रदीप ने अपने दोस्त पप्पू मूशहर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और भाभी की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को बोरे में भरकर कुंए में डाल दिया। वारदात के बाद थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने मृतका की हत्या का खुलासा करते हुए जोगिया सेखपुर गांव के समीप से प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal